शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से हैरान करने वाली एक प्रेम कहानी सामने आई है। यहां 52 वर्षीय महिला, जो 32 साल से विवाहित थी और 9 बच्चों की मां बन चुकी है, अपने पति और पूरे परिवार को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई। महिला ने कोर्ट में भी स्पष्ट कर दिया कि वह अब अपने पति या बच्चों के साथ नहीं, बल्कि प्रेमी के साथ ही रहेगी। मामला उसहैत थाना क्षेत्र के एक गांव का है। विवाह के तीन दशक से अधिक समय बाद महिला को 32 वर्षीय युवक से प्यार हो गया। बीस दिन पहले वह अपनी 10 साल की बेटी को लेकर घर से लापता हो गई थी। पति ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और लगातार पुलिस के चक्कर काट रहा था।
कोर्ट में महिला का बयान
पुलिस ने महिला को बरामद कर गुरुवार को कोर्ट में पेश किया। वहां उसने बयान दिया कि वह प्रेमी के साथ रहना चाहती है और पति व बच्चों से उसका कोई संबंध नहीं है। कोर्ट ने महिला की इच्छा के अनुसार आदेश दिया और उसे प्रेमी के हवाले कर दिया। इसके बाद महिला प्रेमी संग चली गई। महिला के पति ने बताया कि उसने मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण किया और पत्नी के नाम पर जमीन भी खरीदी। इसके बावजूद पत्नी ने न केवल उसे, बल्कि बच्चों को भी धोखा दिया। पति का आरोप है कि महिला बेटे की बहू के जेवर तक लेकर चली गई।
9 बच्चों की मां, नानी-दादी बन चुकी
जानकारी के अनुसार 52 वर्षीय महिला के 9 बच्चे हैं, जिनमें तीन की शादी हो चुकी है। उनके भी बच्चे हैं, यानी महिला नानी और दादी बन चुकी है। इसके बावजूद उसने परिवार को छोड़ने का फैसला कर लिया। महिला फिलहाल अपनी नाबालिग बेटी को साथ लेकर प्रेमी के साथ रह रही है।