अलीगढ़: महामंडलेश्वर पूजा ने कराई टीवीएस शोरूम मालिक की हत्या, 3 लाख में हुई थी डील

डिजिटल डेस्क- अलीगढ़ जिले में बीते दिनों हुई टीवीएस शोरूम मालिक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा पुलिस ने किया। टीवीएस शोरूम मालिक अभिषेक की हत्या के पीछे महामंडलेश्वर बनी पूजा शकुन पांडेय का नाम सामने आया है। पुलिस जांच में पता चला है कि पूजा ने शूटरों को तीन लाख रुपये देकर अभिषेक की हत्या कराई। पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर को अभिषेक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गिरफ्तार शूटर ने पूछताछ में कबूला कि डेढ़ महीने पहले तीन लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। हत्या से पहले दो दिन तक रेकी की गई थी। घटना की रात पूजा शकुन पांडेय के पति अशोक पांडेय और शूटरों के बीच 27 बार फोन पर बातचीत हुई।

संन्यास के बाद बनीं महामंडलेश्वर

पूजा शकुन पांडेय ने वर्ष 2017 में संन्यास लेकर महामंडलेश्वर का दर्जा पाया था। संन्यास लेने के बाद उनका नाम अन्नपूर्णा भारती हो गया था। लेकिन धार्मिक पहचान के बावजूद उनका निजी जीवन विवादों से घिरा रहा।

मृतक के पिता का आरोप

अभिषेक के पिता ने पुलिस को दिए बयान में बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पूजा का उनके बेटे अभिषेक के साथ प्रेम संबंध था। वह शादी के लिए दबाव डाल रही थी और अनैतिक संबंधों में भी उलझाने का आरोप है। संन्यासी रूप धारण करने के बावजूद पूजा कई बार सामान्य महिला की तरह अभिषेक के साथ पार्टियों में शामिल हुई थी। परेशान होकर अभिषेक ने उसका नंबर तक ब्लॉक कर दिया था।

पुलिस की कार्रवाई

अलीगढ़ पुलिस ने इस मामले में अब तक पूजा के पति अशोक पांडेय और एक शूटर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि पूजा शकुन पांडेय और एक अन्य शूटर की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।