कलयुगी मां आठ साल की बेटी से कराती थी देह व्यापार, विरोध पर देती थी थर्ड डिग्री

डिजिटल डेस्क-  थाना सदर क्षेत्र में एक कलयुगी मां अपनी आठ साल की बेटी से देह व्यापार करवा रही थी। बच्ची विरोध करती थी तो उसे पुलिस की थर्ड डिग्री की तरह यातनाएं दी जाती थीं। अत्याचार से परेशान बच्ची ने हिम्मत दिखाई और मां और भाइयों को कमरे में बंद कर भाग आई। राहगीर की मदद से उसकी गुहार पुलिस तक पहुंची। थाना सदर पुलिस ने तत्काल कलयुगी मां को गिरफ्तार कर लिया। एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। बच्ची अपनी मां और दो भाइयों पर यातनाएं देकर जबरन देह व्यापार कराने का आरोप लगा रही थी। उसके शरीर की चोटें किसी को भी विचलित करने वाली थीं। कुछ ही देर में वीडियो चर्चा में आ गया। इसी दौरान एसीपी सदर हेमंत कुमार को एक व्यक्ति ने मामले की जानकारी दी। एसीपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्ची की मां को गिरफ्तार कर लिया। उसके अन्य दो भाइयों की तलाश की जा रही है। मामले में पाक्सो समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

बुरी नियत से लिया गया था गोद

एसीपी हेमंत कुमार ने बताया कि बच्ची को आरोपित महिला ने दो साल पहले गोद लिया था। उसकी नियत में शुरू से ही खोट था। बच्ची के बयानों से उसके द्वारा गलत कार्य कराए जाने की पुष्टि हो रही है। बच्ची का मेडिकल कराया जा रहा है। न्यायालय में उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे। पुलिस आरोपित महिला को जेल भेज रही है।

बच्ची की हिम्मत ने दलदल से निकाला

मासूम बच्ची को शुरुआत में यही नहीं समझ आ रहा था कि आखिर उसकी मां उससे यह क्या करवा रही है। हर बार मिलने वाले दर्द से वह सहम जाती थी। जब विरोध करती तो मां और भाई उसे बुरी तरह पीटते थे। रविवार को उसने हिम्मत दिखाई और कलयुगी मां और भाइयों को एक कमरे में बैठा देख बाहर से कुंडी लगा दी और भाग निकली। एक राहगीर से मदद मांगी तो उसने बच्ची की गुहार पुलिस तक पहुंचा दी। फिलहाल बच्ची खुद को सुरक्षित महसूस कर रही है।

वीडियो में बच्ची ने बताए तीन नाम

वायरल वीडियो में बच्ची तीन नाम लेती दिख रही है। बच्ची ने वीडियो में बताया कि इनके नाम गीता, अमित और छुट्टन है। ये मार-मार कर मेरे से धंधा कराती है। मैं नहीं करना चाहती, जबरदस्ती करा रही है। ये देखिए खून निकल रहा है। इसके बाद बच्ची वीडियो में अपने चोटों को दिखाती है। वायरल वीडियो को देखने वाले लोग भी हैरान हैं। सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो पर त्वरित कार्रवाई की मांग करते दिखते हैं।