यूपी में प्रशासनिक फेरबदल तेज, देर रात 22 पीसीएस अधिकारियों के तबादले, कई जिलों को मिले नए अफसर

शिव शंकर सविता- योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्यकाल में प्रशासनिक फेरबदल का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार को पहले जहां सात आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए, वहीं देर रात बड़े पैमाने पर पीसीएस अधिकारियों को इधर-उधर किया गया। इस फेरबदल में कुल 22 पीसीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सरकार के इस कदम को प्रशासनिक मजबूती और बेहतर कार्यप्रणाली से जोड़कर देखा जा रहा है। जारी आदेश के अनुसार, पीसीएस अधिकारी सुभाष चंद्र प्रजापति को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग का परीक्षा नियंत्रक नियुक्त किया गया है। वहीं रमेश बाबू, अनिल कुमार, दीपक वर्मा और महिपाल सिंह समेत कई अधिकारियों के पदस्थापन में बदलाव किया गया है। परमानंद झा को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व जौनपुर बनाया गया है।

अलीगढ़ मंडल और विश्वविद्यालयों से जुड़े बड़े पदों पर भी फेरबदल

इसी क्रम में सोहनलाल को अपर जिलाधिकारी न्यायिक शामली, मीनाक्षी पांडे को नगर मजिस्ट्रेट सीतापुर, रमेश बाबू को नगर मजिस्ट्रेट मऊ और प्रेम नारायण सिंह को अपर जिलाधिकारी प्रशासन देवरिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चंद्रशेखर को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व चित्रकूट, राजेश कुमार को अपर जिलाधिकारी न्यायिक कानपुर नगर और विजय कुमार सिंह को मुख्य राजस्व अधिकारी देवरिया बनाया गया है। सरकार ने अलीगढ़ मंडल और विश्वविद्यालयों से जुड़े पदों पर भी बदलाव किया है। अखिलेश यादव को अपर आयुक्त अलीगढ़ नियुक्त किया गया है, जबकि प्रबुद्ध सिंह को राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का कुलसचिव बनाया गया है। पीसीएस अनिल कुमार को अपर जिलाधिकारी न्यायिक अलीगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है।

नम्रता सिंह बनी अपर जिलाधिकारी

इसके अलावा नम्रता सिंह को अपर जिलाधिकारी (भूमि अध्याप्ति) लखनऊ और दीपक वर्मा को कुलसचिव उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई, इटावा नियुक्त किया गया है। महिपाल सिंह को प्रधान प्रबंधक उत्तर प्रदेश चीनी मिल संघ लखनऊ बनाया गया है, जिससे चीनी उद्योग से जुड़े प्रशासनिक कामकाज को गति मिलने की उम्मीद है। गाजियाबाद और बिजनौर जैसे जिलों में भी अहम बदलाव किए गए हैं। विवेक कुमार मिश्रा को सचिव गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी दी गई है। अवनीश कुमार सिंह को अपर जिलाधिकारी भूमि अध्याप्ति गाजियाबाद और ओम प्रकाश को अपर जिलाधिकारी न्यायिक कौशांबी बनाया गया है। रवेंद्र कुमार को उपजिलाधिकारी श्रावस्ती नियुक्त किया गया है। बिजनौर में अंशिका दीक्षित को अपर जिलाधिकारी प्रशासन का प्रभार सौंपा गया है, जबकि शरद कुमार पाल को अपर जिलाधिकारी न्यायिक बिजनौर और रितु पुनिया को अपर आयुक्त अयोध्या मंडल की जिम्मेदारी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *