लखनऊ में निकलेगी भव्य जय श्रीराम विजयदशमी शोभायात्रा, 5 लाख लोग होंगे शामिल

डिजिटल डेस्क- राजधानी लखनऊ में इस बार विजयदशमी पर भव्य जय श्रीराम विजयदशमी शोभायात्रा निकाली जाएगी। आरएसएस क्षेत्र पर्यावरण प्रमुख एवं शोभायात्रा के अध्यक्ष ललित श्रीवास्तव ने बताया कि यह शोभायात्रा 2 अक्टूबर को उत्सव प्रतीक स्थल से शुरू होगी और दोपहर 2 बजे तक वापस लौट आएगी।

121 चौराहों से होकर गुजरेगी यात्रा

श्रीवास्तव के मुताबिक शोभायात्रा लगभग 68 किलोमीटर लंबी होगी, जो शहर के 121 चौराहों से होकर गुजरेगी। इस दौरान 100 स्वागत स्थलों पर शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया जाएगा। अलग-अलग जातियों और समाज के लोग विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर इस यात्रा का अभिनंदन करेंगे।

21 जिलों से आएंगे श्रद्धालु

इस शोभायात्रा में प्रदेश के 21 जिलों से लोग शामिल होंगे। अनुमान है कि करीब 5 लाख लोग जय श्रीराम विजयदशमी शोभायात्रा का हिस्सा बनेंगे। यह शोभायात्रा सुबह 9 बजे उत्सव स्थल से निकलेगी और विभिन्न मार्गों से गुजरने के बाद दोपहर तक वहीं वापस लौट आएगी।

2019 से शुरू हुई परंपरा

जय श्रीराम विजयदशमी शोभायात्रा की शुरुआत वर्ष 2019 से हुई थी। तब से हर साल इसे और भव्य रूप में आयोजित किया जा रहा है। शोभायात्रा का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना और समाज में एकता का संदेश देना है।

पर्यावरण और सामाजिक समरसता थीम

इस बार शोभायात्रा की थीम “पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता” रखी गई है। आयोजकों का कहना है कि यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में जागरूकता और एकता का संदेश देने का भी काम करेगी।