अलीगढ़-कासगंज मार्ग पर स्कूल बस का टूटा फर्श बना मौत का जाल, 6 वर्षीय अनन्या की दर्दनाक मौत

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के अलीगढ़-कासगंज मार्ग पर शनिवार दोपहर एक हृदय विदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। माउंट इंटरनेशनल स्कूल की एक जर्जर बस में सवार यूकेजी की छात्रा अनन्या (6 वर्ष) की चलती बस से गिरकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बस का फर्श अचानक धंस गया, जिससे मासूम बच्ची नीचे गिरकर पिछले पहिये के नीचे आ गई। घटना उस समय हुई जब अनन्या अपने बड़े भाई गोलू (कक्षा 3) के साथ रोज की तरह स्कूल से घर लौट रही थी। चश्मदीदों के मुताबिक, जैसे ही बस कासगंज जिले के ढोलना इलाके के पास पहुंची, अनन्या जिस सीट पर बैठी थी, उसके नीचे का कमजोर फर्श अचानक टूट गया। बच्ची को नीचे गिरता देख उसका भाई जोर-जोर से चिल्लाने लगा। चालक ने बस तो रोकी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और अनन्या बस के टायर के नीचे कुचल चुकी थी।

आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क की जाम

हादसे के बाद चालक ने लहूलुहान बच्ची को उठाकर बस की पिछली सीट पर लिटा दिया और परिजनों को केवल ‘चोट लगने’ की सूचना दी। जब सच्चाई सामने आई तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मौके से भागने की कोशिश कर रहे चालक को लोगों ने पकड़ लिया और सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। अनन्या के पिता रवि, जो गंगीरी चौराहे पर जनसेवा केंद्र चलाते हैं, बेटी की मौत की खबर सुनकर बेसुध हो गए। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्रबंधन की लापरवाही आई सामने

ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल बस लंबे समय से जर्जर हालत में चल रही थी और प्रबंधन को इसकी जानकारी होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। सीओ संजीव कुमार ने बताया कि हादसा कासगंज जिले के ढोलना थाना क्षेत्र में हुआ है, इसलिए शव को पोस्टमार्टम के लिए वहीं भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *