UP: मेरठ में भीषण आग का कहर, एक ही परिवार के छह लोगों की मौत, शॉर्ट सर्किट की है आशंका

KNEWS DESK- मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र स्थित किदवई नगर इस्लामाबाद में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। एक कपड़ा कारोबारी के तीन मंजिला मकान में लगी भीषण आग में पांच मासूम बच्चों और एक महिला की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।

गली नंबर-3 स्थित यह मकान कारोबारी इकबाल अहमद का है। भवन के प्रथम तल पर ‘आई संस एम्ब्रॉयडरी’ नाम से पावरलूम का कारखाना संचालित होता है, जबकि दूसरे तल पर परिवार रहता है। हादसे के वक्त इकबाल अहमद और उनके बेटे आसिम व फारूक तरावीह की नमाज पढ़ने मस्जिद गए हुए थे।

घर में उस समय इकबाल की पत्नी अमीर बानो, आसिम की पत्नी रुखसार, उनका तीन वर्षीय बेटा अकदस, छह माह की जुड़वां बेटियां नबिया और इनायत, तथा फारूक के दो बच्चे—महविश और हम्माद मौजूद थे।

रात करीब 9:30 बजे अचानक मकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी इमारत धुएं से भर गई।

घनी आबादी और बेहद संकरी गलियों के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सीधे मौके तक नहीं पहुंच सकीं। आसपास के लोगों ने साहस दिखाते हुए छतों के रास्ते घर में प्रवेश किया और झुलसे लोगों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने निजी संसाधनों और पानी की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की।

सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांच बच्चों और रुखसार को मृत घोषित कर दिया। अमीर बानो और शहजाद नामक युवक गंभीर रूप से झुलसे हैं और उनका इलाज जारी है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। संकरी गलियों के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *