KNEWS DESK- साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां चकेरी की एक सेवानिवृत्त शिक्षिका को ठगों ने खुद को Mark Zuckerberg बताकर अपने जाल में फंसा लिया और करीब 1.57 करोड़ रुपये ठग लिए। यह ठगी एक-दो दिन नहीं बल्कि करीब 13 महीनों तक सुनियोजित तरीके से की गई।
चकेरी के आनंदनगर निवासी एलिसन वीम्स, जो मेथाडिस्ट हाईस्कूल से सेवानिवृत्त हैं, ने बताया कि उनकी पहचान Facebook पर एक व्यक्ति से हुई। उसने खुद को फेसबुक, WhatsApp और Instagram का मालिक मार्क जुकरबर्ग बताया।
ठग ने विश्वास जीतने के लिए स्कूल खोलने और व्यवसाय में निवेश का झांसा दिया। धीरे-धीरे शिक्षिका को अलग-अलग बहानों से पैसे जमा कराने के लिए तैयार कर लिया गया।
पहले ठग के बाद एक और शख्स ने संपर्क किया, जिसने खुद को अमेरिकी गायक Josh Turner और Elon Musk का सहयोगी बताया। उसने भी निवेश, नौकरी और बड़े रिटर्न का लालच देकर पैसे ट्रांसफर करवाए।
जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे, तो एक नए व्यक्ति ने “मिरेकल गिवर्स” के नाम से संपर्क किया। उसने दावा किया कि उनकी रकम एक पैकेज के जरिए भेजी गई है और FedEx के माध्यम से पहुंचेगी।
इसके बाद ठगों ने शिपिंग चार्ज, कस्टम फीस, पैकेज रिलीज, वाहन मरम्मत और ऑपरेशनल फीस के नाम पर और पैसे ऐंठ लिए।
कुछ समय बाद पीड़िता को “साइबर रिपोर्टिंग असिस्टेंस” के नाम से एक और कॉल आया। खुद को दिल्ली का वकील बताने वाले शख्स ने कहा कि उनकी रकम “विजडम कैपिटल” में निवेश कर दी गई है और उनके नाम पर ट्रेडिंग अकाउंट में 2.23 करोड़ रुपये हो गए हैं। रकम निकालने के लिए फिर टैक्स, वेरिफिकेशन फीस, स्टांप ड्यूटी और रीबैलेंसिंग फीस के नाम पर पैसे जमा कराए गए।
जब लगातार पैसे मांगने का सिलसिला नहीं रुका तो शिक्षिका को शक हुआ और उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान करीब 30.42 लाख रुपये होल्ड करा लिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बेहद संगठित और योजनाबद्ध तरीके से ठगी को अंजाम दिया। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है।
कैसे बचें ऐसे साइबर फ्रॉड से?
किसी भी व्यक्ति के बड़े नाम या पहचान के दावे पर तुरंत भरोसा न करें
सोशल मीडिया पर निवेश या नौकरी के ऑफर से सावधान रहें
“फीस देकर पैसा वापस मिलेगा” जैसे दावे अक्सर फर्जी होते हैं
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करें
यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि साइबर ठग अब मनोवैज्ञानिक तरीके से भरोसा जीतकर लंबी अवधि में ठगी कर रहे हैं, इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है।