राम मंदिर में दूसरा प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम, आज निकली भव्य कलश यात्रा

KNEWS DESK-  भगवान श्रीराम की बाल स्वरूप में प्रतिष्ठा के बाद अब अयोध्या के भव्य राम मंदिर में अगला ऐतिहासिक अध्याय शुरू हो गया है। आज से 5 जून 2025 तक विशेष अनुष्ठान की शुरुआत हो रही है, जिसके तहत प्रथम तल पर राम दरबार की स्थापना और कुल 8 दिव्य मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। यह आयोजन राम मंदिर के निर्माण और आध्यात्मिक ऊर्जा के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।

22 जनवरी 2024 को श्रीराम की बाल स्वरूप में प्राण प्रतिष्ठा के बाद अब राम दरबार को पूर्ण रूप में स्थापित किया जा रहा है। राम दरबार संगमरमर से बनी भव्य मूर्तियों के रूप में प्रथम तल पर स्थापित होगा, जिसमें भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और भक्त हनुमान शामिल होंगे। इसके साथ-साथ जटायु, तुलसीदास, वाल्मीकि, वशिष्ठ, विश्वामित्र, शबरी और अहिल्या की मूर्तियों की भी स्थापना की जाएगी।

विशेष अनुष्ठान का क्रम-

  • 2 जून: आयोजन की शुरुआत सरयू आरती स्थल से भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। यह यात्रा मंदिर परिसर तक पहुंचकर शुभ अनुष्ठान की विधिवत शुरुआत का प्रतीक बनी।

  • 3-4 जून: इन दोनों दिनों में प्रातः 6:30 से लेकर 12 घंटे तक वैदिक पूजा संपन्न होगी। यह पूजा विशेष वैदिक मंत्रों और अनुष्ठानों के साथ होगी जिसमें देशभर से आमंत्रित विद्वान भाग लेंगे।

  • 5 जून: इस दिन होगा मुख्य आयोजन – राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा। यह कार्य 11:00 बजे अभिजीत मुहूर्त में संपन्न किया जाएगा। इसके लिए कुल 101 वैदिक विद्वानों को आमंत्रित किया गया है जो विधि-विधान से प्रतिष्ठा संपन्न कराएंगे।

6 जून 2025 से श्रद्धालु राम दरबार के दर्शन कर सकेंगे। यह आयोजन जहां धार्मिक दृष्टिकोण से ऐतिहासिक है, वहीं यह मंदिर के पूर्ण रूप को भी आकार देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस विशेष आयोजन में भाग लेने के लिए देशभर के प्रमुख संतों, महंतों और धार्मिक गुरुओं को निमंत्रण भेजा गया है। यह आयोजन भारतीय संस्कृति, परंपरा और आस्था का एक विशाल संगम बनकर उभर रहा है।

ये भी पढ़ें-  रूसी एयरबेस को हुआ भारी नुकसान, अमेरिका से तनाव भी बढ़ने की आशंका, जंग की ये गलती कर बैठे जेलेंस्की