उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा के 4543 पदों पर भर्ती जल्द, शासन ने दी उम्र में छूट

KNEWS DESK-  उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (दरोगा) नागरिक पुलिस के 4543 पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इस बहुप्रतीक्षित भर्ती को लेकर शासन से आवश्यक स्वीकृति मिल चुकी है और सूत्रों के मुताबिक जुलाई माह में इसकी आधिकारिक विज्ञप्ति जारी की जा सकती है।

राज्य सरकार ने दरोगा भर्ती को प्राथमिकता देने का फैसला लिया है। कुल प्रस्तावित 24,000 पुलिस पदों में से 4543 पद दरोगा के हैं, जिनमें विभिन्न शाखाओं के उप निरीक्षकों की भर्तियां शामिल हैं-

  • 4242 पद — उप निरीक्षक, नागरिक पुलिस

  • 135 पद — उप निरीक्षक, सशस्त्र पुलिस

  • 106 पद — उप निरीक्षक, पीएसी महिला वाहिनी

  • 60 पद — उप निरीक्षक, विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ)

भर्ती प्रक्रिया में आयु सीमा को लेकर सरकार ने अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। शासन ने 3 वर्ष की आयु सीमा में छूट को मंजूरी दे दी है, जिससे अब बड़ी संख्या में उम्मीदवार इस भर्ती में पात्र हो सकेंगे। यह निर्णय लंबे समय से परीक्षा की प्रतीक्षा कर रहे युवाओं के लिए राहत भरा है। हालांकि, 19220 सिपाही और समकक्ष पदों पर भर्ती के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है, लेकिन शासन से कुछ बिंदुओं पर अभी तक सहमति नहीं मिली है। इस कारण से सिपाही भर्ती प्रक्रिया में और विलंब हो सकता है। ऐसे में फिलहाल फोकस दरोगा भर्ती पर है। कारागार विभाग के तहत जेल वार्डर के 2833 पदों पर भी भर्ती प्रस्ताव भर्ती बोर्ड को भेजा गया है। इसकी भी विज्ञप्ति अप्रैल माह के तीसरे सप्ताह में प्रस्तावित थी, लेकिन प्रक्रिया अब तक शुरू नहीं हो पाई है। जेल वार्डर की नियुक्ति विशेष रूप से नई जेलों में की जाएगी, जहां स्टाफ की भारी कमी है।

ये भी पढ़ें-  उत्तरप्रदेश: प्रदेश सरकार ने किए 127 SDM के तबादले, लंबे समय से प्रतीक्षित सूची जारी