राजस्थान : राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल कर जताया विरोध, विभिन्न मांगों को लेकर किया धरना- प्रदर्शन

रिपोर्ट – सुनील शर्मा 

अजमेर- अखिल भारतीय सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर आज अजमेर ज़िला मुख्यालय पर राज्य के ज़िलाध्यक्ष विनोद रतनू के नेतृत्व में राष्ट्रव्यापी हड़ताल कर महासंघ की मांगों को लेकर विरोध कर धरना- प्रदर्शन दिया गया|

आज की एक दिवसीय हड़ताल और धरने को ग्राम विकास अधिकारी संघ के प्रदेश महामंत्री शिवराज चौधरी, अधीनस्थ कर्मचारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश लालरिया, शिक्षक संघ प्रगतिशील के प्रदेश उपाध्यक्ष विष्णु तेली, कानूनगो संघ अध्यक्ष जगदीश शर्मा, पटवार संघ अध्यक्ष दीपक चौधरी, शिक्षक संघ से रोशन श्रीमाली आदि ने कर्मचारियों को संबोधित किया| साथ ही जमकर राज्य और केंद्र सरकार पर तंज कसा|

ज़िलाध्यक्ष विनोद रतनू ने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा- OPS के साथ किसी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और केंद्र सरकार के पास 41 हज़ार करोड़ रुपये जो कि पीएफआरडीए के जमा हैं, उनको तुरंत प्रभाव से राज्य सरकार को लौटाया जाए ताकि पूर्ववर्ती सरकार की OPS योजना का सही से क्रियान्वयन हो सके| साथ ही जल्द से जल्द आठवें वेतन आयोग को गठन करने की मांग की और हर 5 साल में कर्मचारियों का वेतन सुधारने की भी बात कही|

इसके अलावा राष्ट्रीय शिक्षा नीति में सुधार करते हुए उसको लागू करने को कहा| ये भी कहा कि कर्मचारियों के ट्रांसफर में राजनीतिक हस्तक्षेप और दखलंदाजी को हरगिज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा| ठेका प्रथा बंद करने और संविदाप्रथा बंद करने पर ज़ोर दिया| सहायक कर्मचारियों को MTS घोषित करने, महंगाई को कम करने जैसे आदि मांगों को लेकर महासंघ के विभिन्न संगठनों ने आज की हड़ताल में हिस्सा लिया, जिसमें पटवार संघ, कानूनगो संघ, ग्राम विकास अधिकारी संघ, वन अधीनस्थ कर्मचारी संघ,वन विभाग संघ, शिक्षक संघ, प्रगतिशील सहायक कर्मचारी संघ, कृषि पर्यवेक्षक संघ, स्नातक संघ, पंचायती राज कर्मचारी संघ आदि शामिल थे|

About Post Author