KNEWS DESK- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज महाकुंभ में पहुंचकर संगम में पावन स्नान किया। उन्होंने संगम में तीन डुबकियां लगाईं और भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। स्नान से पूर्व उन्होंने मां गंगा को पुष्प अर्पित किए और फिर विधिवत गंगा पूजन और आरती की। इस दौरान राष्ट्रपति अक्षयवट और लेटे हनुमान मंदिर में भी दर्शन-पूजन करेंगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी उपस्थित रहे। राष्ट्रपति का हेलिकॉप्टर सोमवार सुबह 9:30 बजे बमरौली एयरपोर्ट पर उतरा, जहां राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति अरैल पहुंचीं और वहां से नाव के माध्यम से संगम तट पर जाकर स्नान किया।
राष्ट्रपति शाम चार बजे तक प्रयागराज में विभिन्न धार्मिक स्थलों का भ्रमण करेंगी। गौरतलब है कि द्रौपदी मुर्मू देश की दूसरी राष्ट्रपति हैं, जिन्होंने महाकुंभ में स्नान किया। इससे पहले, 1954 में देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने भी महाकुंभ में पवित्र स्नान किया था।
राष्ट्रपति के इस धार्मिक प्रवास को लेकर प्रयागराज में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। संगम क्षेत्र में स्नान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया था, ताकि राष्ट्रपति का यह दौरा सफल और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
ये भी पढ़ें- दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद पंजाब में राजनीतिक हलचल, भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल करेंगे रणनीति पर चर्चा