सहारनपुर दौरे पर आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, 75 करोड़ की विकास परियोजनाओं की करेंगे समीक्षा

KNEWS DESK- सहारनपुर जिले के प्रसिद्ध सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी मंदिर में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को मंडलायुक्त रूपेश कुमार, डीआईजी अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी मनीष बंसल और एसएसपी अभिनंदन सिंह ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री शनिवार को सिद्धपीठ पहुंच सकते हैं। उनके दौरे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया और बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गईं। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री मंदिर पहुंचकर मां भगवती के दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह आसपास के क्षेत्रों में चल रही पर्यटन परियोजनाओं और सेतु निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे।

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। अधिकारियों की टीम ने मंदिर परिसर, यातायात व्यवस्था, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही सभी विभागों को अपने-अपने दायित्वों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए गांव नागलमाफी के पास अस्थायी हेलीपैड तैयार कराया जा रहा है। नागलमाफी से भूरादेव तक जाने वाले मार्ग के दोनों ओर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सफाईकर्मियों को लगाकर पूरे मार्ग को साफ-सुथरा बनाया जा रहा है ताकि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी सलिल पटेल, एसपी देहात सागर जैन, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र सिंह, एसडीएम मानवेंद्र सिंह, सीओ वैभव पांडे, बीडीओ योगेंद्र सिंह और एसडीओ प्रवीण सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

पर्यटन विभाग के क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी रविशंकर ने बताया कि सिद्धपीठ क्षेत्र में लगभग 75 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इनमें पर्यटन सुविधा केंद्र का करीब 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जबकि ओपन एयर थिएटर, मल्टी लेवल कार पार्किंग, टॉयलेट ब्लॉक, पब्लिक सोवेनियर शॉप, पदयात्रा मार्ग सुदृढ़ीकरण और प्रकाश व्यवस्था जैसे कई प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इसके अलावा भूरादेव से सिद्धपीठ तक बन रहे एलिवेटेड पुल और एप्रोच रोड का निर्माण भी सेतु निगम द्वारा तेजी से कराया जा रहा है।

प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को भी कोई परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *