राम मंदिर उद्घाटन पर गीता प्रेस से अयोध्या भेजी गईं पुस्तकें, दर्शन करने वाले मेहमानों को दिया जाएगा ये खास तोहफा

KNEWS DESK- 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर देशवासियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है| राम मंदिर उद्घाटन के अनुष्ठान में भक्ति भाव से भेंट समर्पित किए जा रहे हैं| इसी क्रम में गोरखपुर के गीता प्रेस ने भी प्राण प्रतिष्‍ठा कार्यक्रम पर 10 हजार धार्मिक पुस्‍तकों का उपहार अयोध्या भेजा है| शुक्रवार को पूजा-पाठ और तिलक के साथ किताबों का उपहार अयोध्या रवाना किया गया| गीता प्रेस के ट्रस्‍टी देवीदयाल अग्रवाल ने बताया कि अयोध्‍या दर्शन की प्रतियों सहित 10 हजार धार्मिक पुस्‍तकें भेजी जा रही हैं|

अतिथियों के लिए गीता प्रेस से अयोध्या रवाना की गईं पुस्तकें

अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों को उपहार स्वरूप भेंट करने के लिए गीता प्रेस से प्रकाशित पुस्तकें शुक्रवार को अयोध्या रवाना की गईं| इनमें 10 हजार अयोध्या दर्शन की पुस्तकें हैं, जिन्हें प्रसाद के साथ श्रद्धालुओं को बांटा जाएगा| इसके अलावा तीन पुस्तकों व गीता दैनंदिनी (डायरी) के 51 बंडल भेजे गए हैं| इनमें अयोध्या दर्शन, 1972 में प्रकाशित कल्याण के विशेषांक श्रीरामांक का परिवर्धित संस्करण, अयोध्या महात्म्य व गीता दैनंदिनी शामिल है| 12 अति विशिष्ट अतिथियों के लिए आर्ट पेपर पर प्रकाशित श्रीरामचरितमानस की प्रतियां भी भेजी गई हैं|
अतिथियों को को मिलेगा देसी व्यंजनों का स्वाद 
आपको बता दें कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आने वाले अतिथियों को देसी व्यंजनों का स्वाद भी चखने को मिलेगा| अयोध्या की गरिमा के अनुरूप पूरी तरह से शुद्ध सात्विक भोजन ही उनको परोसा जाएगा| इसके लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां चल रही हैं| अलग-अलग राज्यों की पहचान रखने वाले व्यंजन भी बनेंगे| मसलन लिट्टी-चोखा, राजस्थानी दाल बाटी चूरमा, पंजाबी तड़का, दक्षिण भारतीय मसाला डोसा और इडली, बंगाली रसगुल्ले, जलेबी जैसे कई खास व्यंजन और मिठाइयों को मेन्यू में शामिल किया गया है|

About Post Author