महेश्वर-जानापाव उद्वहन सिंचाई परियोजना अब लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम से जानी जायेगी- मुख्यमंत्री मोहन यादव

KNEWS DESK-  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि महेश्वर-जानापाव उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना अब लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर के नाम से जानी जायेगी। देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती के उपलक्ष में महेश्वर में आयोजित डेस्टिनेशन केबिनेट और मण्डलेश्वर से महेश्वर-जानापाव माइक्रो सिंचाई परियोजना सहित 1042.24 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण पुण्य-श्लोका देवी अहिल्याबाई के प्रति राज्य सरकार का पुण्य स्मरण और उनके बताये मार्गों पर चलने का एक प्रयास भर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात खरगौन जिले के मण्डलेश्वर में सिंचाई परियोजना के शिलान्यास के साथ अन्य विकास कार्यों के भूमि-पूजन एवं लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने मण्डलेश्वर में 994.72 करोड़ रूपए के 7 कार्यों का शिलान्यास और 47.52 करोड़ रूपए के 20 कार्यों का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिये गये “ज्ञान पर ध्यान’’ के मंत्र को साकार करने की दिशा में कार्य करते हुए गरीब, युवा, महिला और नारी सशक्तिकरण के लिये कृत-संकल्पित होकर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि मण्डलेश्वर से 1042.24 करोड़ रुपये के 27 कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास से क्षेत्रवासियों को विकास की अभूतपूर्व सौगात मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार प्रदेश के 2 लाख अस्थायी पम्पधारक किसानों को सौर ऊर्जा के उत्पादन में आत्म-निर्भर बनाने जा रही है। इसके लिये सरकार किसानों को 3 से 7.5 हॉर्स पॉवर तक के सोलर पम्प को खरीदने में सहायता प्रदान करेगी। किसानों को मात्र 10 प्रतिशत राशि का भुगतान करना होगा, शेष राशि सरकार द्वारा प्रदान की जायेगी। इससे किसानों को अस्थायी पम्प कनेक्शन से मुक्ति मिलेगी और वे अपनी आवश्यकता की बिजली सोलर सिस्टम से जनरेट कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य के विभिन्न धार्मिक नगरों एवं स्थानों पर शराबबंदी की जायेगी। प्रथम चरण में प्रदेश के 19 स्थानों को चयनित किया गया है, जहाँ पूर्ण शराबबंदी लागू होगी। प्रदेश के उज्जैन, दतिया, पन्ना, मण्डला, मंदसौर, मैहर, ओंकारेश्वर, महेश्वर, मण्डलेश्वर, ओरछा, चित्रकूट और अमरकंटक नगरों के अतिरिक्त सलकनपुर, बरमानकलां, कुण्डलपुर, बांदकपुर, बरमानखुर्द और लिंगा ग्राम पंचायत में शराबबंदी की जायेगी। सरकार के इस महत्वपूर्ण कदम से धार्मिक स्थलों की पवित्रता को बनाये रखने में मदद तो मिलेगी ही, साथ ही पारिवारिक और सामाजिक सद्भाव में भी निश्चित ही वृद्धि होगी।

ये भी पढ़ें-   लेडी गागा ने शाहरुख खान को डेट करने से किया इनकार, कहा- मैं एक अच्छी लड़की हूं