डॉक्टर को सौंपी गई आवारा कुत्ते भगाने की जिम्मेदारी, जैसलमेर अस्पताल का आदेश वायरल

KNEWS DESK – राजस्थान के जैसलमेर जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजकीय जवाहिर चिकित्सालय में इन दिनों एक अनोखा अभियान चर्चा में है। अस्पताल परिसर को आवारा कुत्तों से मुक्त करने के लिए प्रशासन ने ‘कुत्ता भगाओ अभियान’ शुरू किया है। इस अभियान की खास बात यह है कि इसकी जिम्मेदारी दंत रोग विशेषज्ञ को सौंपी गई है।

स्वास्थ्य विभाग, जयपुर से मिले निर्देशों के बाद अस्पताल को डॉग फ्री जोन बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके तहत डेंटिस्ट डॉ. सरदारा राम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अब वे दांतों के इलाज के साथ-साथ अस्पताल परिसर में आवारा कुत्तों की आवाजाही रोकने की जिम्मेदारी भी निभाएंगे।

प्रिंसिपल मेडिकल ऑफिसर डॉ. रविन्द्र सांखला ने बताया कि मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा अस्पताल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आवारा कुत्तों की मौजूदगी वार्ड, ओपीडी और कचरा क्षेत्रों के आसपास अक्सर देखी जाती है, जिससे डर, संक्रमण और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

मिशन के तहत उठाए जा रहे ठोस कदम
इस अभियान के तहत अस्पताल की नीची बाउंड्री वॉल को ऊंचा किया जाएगा, प्रवेश द्वारों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी और नगर परिषद के साथ समन्वय कर कुत्तों को सुरक्षित तरीके से परिसर से बाहर निकाला जाएगा। प्रशासन का कहना है कि उद्देश्य सुरक्षा के साथ-साथ मानवीय दृष्टिकोण बनाए रखना है।