KNEWS DESK- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि ईश्वर की साधना को समर्पित वृहद शास्त्रीय नृत्य मैराथन गिनीज विश्व रिकॉर्ड से नृत्य साधकों का मान बढ़ेगा। यह देश की संस्कृति और नृत्यसाधको के लिए गौरव का क्षण है। सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और विश्व पटल पर उपलब्धि दर्ज करने का यह सर्वोत्तम साधन है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव खजुराहो में 51वें खजुराहो नृत्य समारोह के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गिनीज विश्व रिकॉर्ड से पूरी दुनिया भारत की विविध और समृद्ध संस्कृति से प्रकाशमान होगी। 24 घंटे 9 मिनट 26 सेकंड तक 139 नृत्य कलाकारों की अविरल साधना से बना विश्व रिकॉर्ड न सिर्फ कला साधकों का हौसला बढ़ाएगा बल्कि शासन के संस्कृति और विरासत को सहेजने के प्रयासों को भी गति देगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुंदेलखंड की धरती पावन और पवित्र है। यहाँ पत्थर भी चमकता है तो हीरा कहलाता है। मनुष्य चमकता है तो बुंदेला कहलाता है। वैसे ही बुंदेलखंड में नृत्य होता है तो वह अंतर्राष्ट्रीय खजुराहो नृत्य समारोह कहलाता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शास्त्रीय नृत्यों का सृजन भगवान की साधना के लिए किया गया है। जैसे कथकली में भगवान श्रीकृष्ण की रासलीला, जीवन और गतिविधियों को दिखाया जाता है। इसी तरह भगवान नटराज ने तांडव नृत्य और आनंद नृत्य का सृजन किया है। आज बने गिनीज़ विश्व रिकॉर्ड से शास्त्रीय नृत्य की सतत प्रस्तुति से समय की निरंतरता को भी प्रदर्शित किया है। जिस तरह ब्रह्मांड में आकाशगंगा ब्लैक होल की ओर बढ़ती है और सौरमंडल में सूर्य एवं अन्य गृह अपनी गति से चलायमान है। समय को परमात्मा का स्वरूप माना गया है। इसलिए समय का सदुपयोग जीवन में सबसे आवश्यक है।
कथक, भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी, मोहिनीअट्टम, ओडिसी नृत्यों की प्रस्तुति से बना रिकॉर्ड
गिनीज विश्व रिकॉर्ड बनाने का शुभारंभ 19 फरवरी, 2025 को दोपहर 2:34 बजे आरम्भ हुआ, जिसे 20 फरवरी, 2025 दोपहर 2:43 बजे तक नृत्यसाधकों की निरंतर प्रस्तुति से अंजाम तक पहुँचाया गया। इसके परिणामस्वरूप मध्यप्रदेश के नाम एक और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड रच दिया गया। संस्कृति विभाग द्वारा संयोजित गतिविधि में 139 नृत्य कलाकारों ने प्रतिभागिता की और निरंतर 24 घंटे 9 मिनट तक कथक, भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी, मोहिनीअट्टम, ओडिसी नृत्यों की प्रस्तुति दी। वृहद शास्त्रीय नृत्य मैराथन (रिले) की अंतिम प्रस्तुति भरतनाट्यम की थी। गिनीज टीम द्वारा इसे वर्ल्ड रिकॉर्ड घोषित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव को प्रमाण-पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के समक्ष सभी 139 नृत्य कलाकारों ने नृत्य की समवेत प्रस्तुति तराना ‘अनंत’ को प्रदर्शित किया।
ये भी पढ़ें- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे SOUL लीडरशिप कॉन्क्लेव का उद्घाटन, भूटान के प्रधानमंत्री होंगे मुख्य अतिथि