शाहजहांपुर पहुंचीं राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, हनुमत धाम पर किए बजरंगबली के दर्शन

रिपोर्ट – रोहित पाण्डेय

उत्तर प्रदेश – राज्यपाल आनंदी बेन पटेल आज शाहजहांपुर पहुंचीं। उन्होंने यहां सुबह सबसे पहले हनुमत धाम पर बजरंगबली के दर्शन किए। पूजन करने के बाद प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद सफाई नायकों के सम्मान समारोह के लिए रवाना हो गईं।

गर्भ गृह में स्थापित मूर्तियों का किया पूजन 

बता दें कि राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बुधवार को सुबह करीब सवा नौ बजे शाहजहांपुर के विसरात में हनुमत धाम पहुंचीं। यहां उन्होंने वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और महापौर अर्चना वर्मा के साथ हनुमान जी के दर्शन किए। उन्होंने हनुमत धाम के गर्भ गृह में स्थापित मूर्तियों का पूजन किया। आरती उतारने के बाद प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद राज्यपाल ने हनुमत धाम स्थित हाल में नाश्ता किया।  हनुमत धाम पर 15 मिनट तक रुकने के बाद वह वृंदावन गार्डन स्थित परी पैलेस के लिए रवाना हो गईं।

सफाई नायकों को किया सम्मानित

यहां उन्होंने सफाई नायकों को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों समेत तमाम कार्यकर्ता भी शामिल रहे। यहां से बरतारा स्थित विनोबा आश्रम गईं। राज्यपाल ने विनोबा सेवा आश्रम में लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। यहां आयोजित कार्यक्रम के बाद वह दोपहर करीब 2:05 बजे रिलायंस पावर के लिए रवाना हुयी। यहां से 2:25 बजे हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना हो गई। राज्यपाल के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के चाक चौबंद इंतजाम किए गए थे।

About Post Author