KNEWS DESK, 5 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान कई जगहों से हिंसा की खबरें सामने आईं। इसी बीच संगम विहार में वोटिंग खत्म होते ही AAP और बीजेपी के प्रत्याशी पुलिस के सामने भिड़ गए। दोनों पक्षों के प्रत्याशी एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। दिल्ली पुलिस के DCP और अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले को शांत कराया और AAP के प्रत्याशी दिनेश मोहनिया को समझाकर वापस भेज दिया।
बीजेपी प्रत्याशी का आरोप: AAP प्रत्याशी ने की बदतमीजी और हमला
संगम विहार से बीजेपी प्रत्याशी चंदन चौधरी ने आरोप लगाया कि दोपहर करीब 3 बजे जब वह पोलिंग स्टेशन पर पर्चियां बांट रहे थे, तब AAP प्रत्याशी दिनेश मोहनिया ने उनकी पत्नी से बदतमीजी की। इसके बाद, चुनाव समाप्त होने पर उनके कार्यालय में हमला किया गया, जिसमें संघ पदाधिकारी घायल हो गए। चंदन चौधरी ने कहा कि हमले में उनका सिर फूट गया और इस झड़प में तीन महिलाएं समेत सात लोग घायल हुए, जिन्हें बत्रा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
AAP प्रत्याशी का पलटवार: बीजेपी कार्यकर्ताओं पर आरोप
AAP प्रत्याशी दिनेश मोहनिया ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर पलटवार करते हुए कहा कि जब वह संगम विहार के रतिया मार्ग से बाइक पर गुजर रहे थे, तो अचानक किसी ने डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद, 30-40 बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है, और यह सब गिरिराज सिंह के दबाव में हो रहा है।
पुलिस पर भेदभाव का आरोप
दिनेश मोहनिया ने पुलिस पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि जब फ्लाइंग किस मामले में पुलिस एफआईआर दर्ज कर सकती है, तो उनके ऊपर डंडे से हमला करने जैसी गंभीर घटना पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं हो रही। उन्होंने पुलिस पर निष्पक्ष जांच न करने का भी आरोप लगाया।
संगम विहार में बढ़ाई गई पुलिस की तैनाती
इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है और संगम विहार में सुरक्षा को मजबूत किया है। प्रत्याशियों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए निगरानी बनाए हुए है।