डॉ. राजीव बिंदल तीसरी बार बने भाजपा हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष, संगठन पर्व 2025 के तहत हुआ भव्य कार्यक्रम

KNEWS DESK-  हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने संगठन पर्व–2025 के अंतर्गत प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के चुनाव के ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन शिमला स्थित होटल पीटरहॉफ में किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने वरिष्ठ नेता डॉ. राजीव बिंदल को तीसरी बार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष घोषित किया।

इस कार्यक्रम में भाजपा के शीर्ष नेता जैसे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सुरेश कश्यप, सतपाल सत्ती, सुरेश भारद्वाज, चुनाव अधिकारी डॉ. राजीव भारद्वाज, सांसद इंदु गोस्वामी और हर्ष महाजन सहित 1000 से अधिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने जैसे ही डॉ. राजीव बिंदल को भाजपा का ध्वज और सर्टिफिकेट सौंपा, पूरा सभागार “भारत माता की जय”, “भाजपा जिंदाबाद”, और “बिंदल जी आगे बढ़ो” के नारों से गूंज उठा। उन्होंने कहा, “मैं हिमाचल आकर आपका अध्यक्ष आपको लौटा रहा हूं। यह बहुत कम होता है कि कोई नेता तीसरी बार प्रदेश अध्यक्ष बनता है। इससे यह साफ है कि डॉ. बिंदल में संगठन को एकजुट और मजबूत रखने की विशेष क्षमता है।” कार्यक्रम को साधारण स्वरूप में आयोजित किया गया क्योंकि हिमाचल में हाल ही में बादल फटने और मूसलाधार बारिश के कारण कई जानें गईं और व्यापक नुकसान हुआ। मंडी जिले के गोहर, करसोग और धर्मपुर क्षेत्र में 4 लोगों की मौत, 16 लापता, 18 घर और 12 गोशालाएं क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। भाजपा नेताओं ने इस त्रासदी पर गहरी चिंता और संवेदना व्यक्त की।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कांग्रेस पार्टी की कार्यशैली पर जमकर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस में राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष का चयन रसोई घर और डाइनिंग टेबल पर होता है, जबकि भाजपा में लोकतांत्रिक प्रक्रिया से हर कार्यकर्ता को अवसर मिलता है। कांग्रेस में एक ही परिवार का वर्चस्व है – दादा, बेटा, पोता, और अब पोती तक।”

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय परिषद के पदेन और चुने गए सदस्यों की भी घोषणा हुई-

  • पदेन सदस्य: जयराम ठाकुर, अनुराग ठाकुर, सुरेश कश्यप, कंगना रनौत, राजीव भारद्वाज, इंदु गोस्वामी, डॉ. सिकंदर कुमार, हर्ष महाजन

  • नवनियुक्त सदस्य: गोविंद ठाकुर, बिहारी लाल शर्मा, त्रिलोक कपूर, पवन काजल, रश्मिधर सूद, पायल वैद्य, डॉ. राजीव सहजल, संजीव कटवाल

सभी को केंद्रीय मंत्री द्वारा प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, “प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार से त्रस्त है। आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा दो तिहाई बहुमत से सत्ता में वापसी करेगी।” पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी डॉ. बिंदल को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भाजपा प्रदेश में नया इतिहास रचेगी।

जयराम ठाकुर ने भरोसा जताया कि इस बार कांग्रेस दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर पाएगी। उन्होंने कहा, “बिंदल जी ऊर्जावान और अडिग नेता हैं, जो रुकते नहीं और थकते नहीं। उनके नेतृत्व में हम संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।”

ये भी पढ़ें-  मुख्यमंत्री मोहन यादव की उपस्थिति में विजन@2047 के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए हुआ एम.ओ.यू.