दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, गर्मी के बाद अब बारिश और आंधी का अलर्ट

KNEWS DESK- राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मौसम लगातार करवट ले रहा है। एक ओर जहां गुरुवार को तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया, वहीं अब मौसम विभाग ने शुक्रवार से राहत की खबर दी है। आने वाले दिनों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने 4 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और कई इलाकों में झमाझम बारिश होने के आसार हैं। शुक्रवार सुबह ही दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद समेत कई क्षेत्रों में धूल भरी आंधी देखने को मिली, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई।

इससे पहले गुरुवार को राजधानी में गर्मी अपने तेवर दिखाती नजर आई। तेज धूप के चलते अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री रहा। हवा में नमी का स्तर 89 प्रतिशत तक पहुंचने से उमस भी काफी बढ़ गई। लोधी रोड और रिज क्षेत्र में भी तापमान 36 डिग्री के पार पहुंच गया।

मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना है। इसके प्रभाव से 5 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। 6 अप्रैल को मौसम थोड़ा साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन 7 और 8 अप्रैल को एक बार फिर बारिश का दौर लौट सकता है।

मौसम में इस उतार-चढ़ाव के चलते तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से अस्थायी राहत मिलेगी। हालांकि, बदलते मौसम के बीच लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *