दूरदर्शन की विश्वसनीय और गरिमामयी आवाज की धनी वरिष्ठ एंकर सरला माहेश्वरी का निधन, फैंस में दोड़ी शोक की लहर

डिजिटल डेस्क- दूरदर्शन की जानी-मानी और सम्मानित न्यूजरीडर सरला माहेश्वरी का गुरुवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर से मीडिया जगत, उनके प्रशंसकों और साथ काम कर चुके सहयोगियों में गहरा शोक फैल गया है। अपनी शांत उपस्थिति, सादगीपूर्ण व्यक्तित्व और शुद्ध हिंदी उच्चारण के लिए पहचानी जाने वाली सरला माहेश्वरी लंबे समय तक भारतीय टेलीविजन पत्रकारिता का एक भरोसेमंद चेहरा रहीं। 1980 और 1990 के दशक में, जब दूरदर्शन देश का सबसे प्रभावशाली और व्यापक ब्रॉडकास्ट प्लेटफॉर्म हुआ करता था, उस दौर में सरला माहेश्वरी की आवाज घर-घर में गूंजती थी। 24×7 न्यूज चैनलों के आने से पहले का वह समय था, जब समाचारों की विश्वसनीयता और प्रस्तुति का स्तर दर्शकों के लिए बेहद मायने रखता था। ऐसे दौर में सरला माहेश्वरी ने अपनी संतुलित, स्पष्ट और प्रभावशाली प्रस्तुति से दर्शकों का भरोसा जीता।

अनाउंसर के रूप में की थी पहचान, चंद समय में पाई लोकप्रियता

उनकी खास पहचान उनकी शांत और संयमित आवाज थी, जिसमें गंभीर खबरें भी गरिमा और संतुलन के साथ प्रस्तुत होती थीं। दर्शक उन्हें सिर्फ एक न्यूज एंकर के रूप में नहीं, बल्कि एक ऐसी आवाज के तौर पर याद करते हैं, जो भरोसा जगाती थी। उनके चाहने वालों और पूर्व सहयोगियों ने उन्हें भारतीय टेलीविजन की ‘गरिमामयी और विश्वसनीय आवाज’ बताते हुए श्रद्धांजलि दी है। सरला माहेश्वरी ने अपने करियर की शुरुआत उस समय की, जब टेलीविजन तकनीक तेजी से बदल रही थी। दिल्ली यूनिवर्सिटी में पीएचडी करते हुए उन्होंने दूरदर्शन के लिए ऑडिशन दिया था। शुरुआत उन्होंने एक अनाउंसर के रूप में की, लेकिन जल्द ही उनकी प्रतिभा और स्पष्ट उच्चारण ने उन्हें न्यूज रीडिंग की ओर अग्रसर किया। उन्होंने ब्लैक-एंड-व्हाइट टेलीविजन के दौर से लेकर कलर टेलीविजन तक के बदलाव को करीब से देखा और अपने काम के जरिए हर दौर में अपनी अलग पहचान बनाए रखी।

12 फरवरी को निगम बोध घाट पर किया जाएगा अंतिम संस्कार

उन्होंने वर्ष 2005 तक दूरदर्शन में न्यूज एंकर के रूप में सेवाएं दीं। इस लंबे कार्यकाल के दौरान वे लाखों दर्शकों के लिए एक जानी-पहचानी और सम्मानित आवाज बनी रहीं। उस समय जब समाचार बुलेटिन पूरे देश के लिए सूचना का मुख्य स्रोत होते थे, सरला माहेश्वरी का चेहरा और आवाज विश्वसनीयता का पर्याय बन चुके थे। परिवार की ओर से जारी सूचना के अनुसार, सरला माहेश्वरी का अंतिम संस्कार 12 फरवरी 2026 को शाम 4:00 बजे दिल्ली के निगम बोध घाट पर किया जाएगा। उनके निधन से दूरदर्शन के स्वर्णिम दौर की एक महत्वपूर्ण कड़ी टूट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *