KNEWS DESK – दिल्ली को आखिरकार नया मुख्यमंत्री मिल गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगा दी है। रेखा गुप्ता बुधवार को दोपहर 12:30 बजे ऐतिहासिक रामलीला मैदान में भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। उनके साथ नई कैबिनेट के अन्य मंत्रियों का भी शपथ ग्रहण होगा।
11 दिन बाद हुआ सीएम का ऐलान
दिल्ली विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने 26 साल बाद ऐतिहासिक जीत दर्ज की और 70 में से 48 सीटों पर कब्जा जमाया। 8 फरवरी को नतीजे आने के बाद 11 दिन तक सीएम के नाम को लेकर पार्टी के भीतर मंथन चलता रहा। आखिरकार बीजेपी नेतृत्व ने रेखा गुप्ता के नाम पर सहमति बनाई। देरी को लेकर विपक्षी आम आदमी पार्टी (आप) लगातार सवाल उठा रही थी।
मुख्यमंत्री पद के लिए कई नाम चर्चा में थे। खासतौर पर प्रवेश वर्मा को मजबूत दावेदार माना जा रहा था, जिन्होंने नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल को हराकर बड़ी जीत दर्ज की थी। हालांकि, पार्टी आलाकमान ने अनुभवी और मजबूत महिला नेतृत्व को प्राथमिकता देते हुए रेखा गुप्ता के नाम को चुना।
कौन हैं दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता?
रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनेंगी और वर्तमान में देश की दूसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। वे दिल्ली के शालीमार बाग से विधायक हैं और उन्होंने आप नेता बंदना कुमारी को 29,595 वोटों के बड़े अंतर से हराया था।
रेखा गुप्ता की राजनीतिक यात्रा:
बीजेपी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
हरियाणा के जींद की रहने वाली हैं
दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ (DUSU) की अध्यक्ष रह चुकी हैं
2007 और 2012 में उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुनी गईं
पिछले दो विधानसभा चुनावों में हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार बड़ी जीत हासिल की
शपथ ग्रहण समारोह की भव्य तैयारी
रेखा गुप्ता बुधवार को रामलीला मैदान में शपथ लेंगी। इस मौके पर बीजेपी के दिग्गज नेता, केंद्रीय मंत्री, दिल्ली के सांसद और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के भी समारोह में शामिल होने की संभावना है।