KNEWS DESK- देश में मानसून अपने चरम पर है और इसका असर उत्तर से दक्षिण तक साफ दिखाई दे रहा है। पहाड़ी राज्यों से लेकर मैदानी इलाकों तक बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। खासकर उत्तर भारत, पूर्वी क्षेत्र और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मानसून की तेज गतिविधियां बनी रहेंगी।
उत्तर भारत में अगले 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण बताए जा रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार और सोमवार (6 और 7 जुलाई) को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में तेज बारिश हो सकती है।
राजधानी दिल्ली में आज दोपहर, शाम और रात के समय गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना है। यह सिलसिला 11 जुलाई तक जारी रह सकता है। उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में आज जोरदार बारिश हो सकती है। राज्य के 29 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। 10 जुलाई तक प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश जारी रहने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 7 और 8 जुलाई को मूसलाधार बारिश हो सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और नदियों में जलस्तर बढ़ने का खतरा बढ़ गया है।
बिहार के पटना मौसम केंद्र के अनुसार, कैमूर और रोहतास जिलों में आज भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 24 जिलों के कुछ हिस्सों और 14 जिलों के एक-दो स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है। 11 जुलाई तक बिहार और उत्तर पश्चिम भारत में भारी बारिश हो सकती है।
दक्षिण भारत के कर्नाटक और केरल में भी भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
कर्नाटक: आज भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
केरल: 9 से 11 जुलाई के बीच भारी बारिश के आसार हैं।
तटीय इलाकों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे मछुआरों और तटीय क्षेत्रों में रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और पूर्वी राजस्थान में भी 7 और 8 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
ये भी पढ़ें- बागपत में मिला अवैध विस्फोटक पदार्थों का जखीरा, 5 क्विंटल अवैध पटाखे और 10 किलो बारूद के साथ एक गिरफ्तार