KNEWS DESK- दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक रिहायशी बिल्डिंग में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में 7 लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बिल्डिंग में फंसे लोग मदद के लिए चीखते-चिल्लाते रहे।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पालम कॉलोनी की गली नंबर 2 में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक यह घटना पालम कॉलोनी की गली नंबर 2 में स्थित एक बहुमंजिला बिल्डिंग में हुई। यह बिल्डिंग स्थानीय व्यापारी राजेंद्र कश्यप की बताई जा रही है।
बिल्डिंग के बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर पर ब्यूटी पार्लर, चूड़ी की दुकान समेत कई व्यवसाय चलते थे, जबकि ऊपरी मंजिलों पर राजेंद्र कश्यप का परिवार रहता था। बताया जा रहा है कि परिवार के लगभग 15 सदस्य इसी बिल्डिंग में रहते थे।
आग लगते ही बिल्डिंग में धुआं तेजी से फैल गया, जिससे अंदर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग बालकनी में आकर मदद के लिए पुकारने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि धुआं इतना ज्यादा था कि अंदर घुसकर लोगों को बचाना मुश्किल हो गया। स्थानीय लोगों ने पास की इमारत से दीवार तोड़कर अंदर पहुंचने की कोशिश भी की, लेकिन आग और धुएं के कारण सफल नहीं हो सके।
चश्मदीद ने बताई घटना की पूरी कहानी
घटना के प्रत्यक्षदर्शी योगेश ने बताया कि उन्होंने सुबह करीब 6:45 बजे बिल्डिंग में आग लगते देखी। इसके बाद उनके पिता ने तुरंत फायर ब्रिगेड को फोन किया।
योगेश के मुताबिक, “आग बहुत तेजी से फैल गई थी। 6–7 लोग बालकनी में दिखाई दे रहे थे और मदद के लिए चिल्ला रहे थे। बाद में वे पीछे की तरफ चले गए। धुआं इतना ज्यादा था कि अंदर जाना मुश्किल हो गया।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड की टीम करीब आधे घंटे की देरी से पहुंची, जिससे हालात और गंभीर हो गए।
एक बच्चे की हालत गंभीर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के दौरान एक बच्चा घबराहट में ऊपर से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं एक व्यक्ति फायर ब्रिगेड की सीढ़ी से फिसलकर नीचे गिर गया और उसे भी चोटें आई हैं।
अब तक 5–6 लोगों को गंभीर रूप से जली हालत में बाहर निकाला गया है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आशंका जताई जा रही है कि कुछ और लोग भी बिल्डिंग में फंसे हो सकते हैं।
राहत और बचाव कार्य जारी
फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। पुलिस और बचाव दल भी लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं।
प्रशासन ने बताया है कि आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है, और घायलों को हर संभव इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। यह हादसा एक बार फिर राजधानी में रिहायशी इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।