KNEWS DESK- दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2025 को लेकर आज मतदान प्रक्रिया जारी है। कुल 2.80 लाख छात्र-छात्राएं इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा ले रहे हैं, जिनके वोट से 21 उम्मीदवारों का भविष्य तय होगा।
मतदान सुबह के कॉलेजों में सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक, जबकि सांध्य कॉलेजों में दोपहर 3 बजे से रात 7:30 बजे तक चल रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं ताकि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
डूसू चुनाव को लेकर नॉर्थ और साउथ कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किया गया है। दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती, कई स्तरों की बैरिकेडिंग, बाहरी लोगों के प्रवेश पर सख्त निगरानी, आईडी कार्ड दिखाने के बाद ही छात्रों को कॉलेज में प्रवेश की अनुमति। इसके अलावा, शहीद भगत सिंह कॉलेज में महिला छात्रों के लिए ‘पिंक बूथ’ की व्यवस्था की गई है, जिससे महिला भागीदारी को प्रोत्साहन मिले।
रामजस कॉलेज में मतदान की शुरुआत 10 मिनट की देरी से हुई। कारण रहा दो ईवीएम मशीनों का खराब होना। हालांकि, तकनीकी टीम ने तत्काल मशीनें बदलकर मतदान प्रक्रिया को सुचारु बना दिया।
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. राज किशोर शर्मा ने बताया कि इस बार 711 ईवीएम मशीनों और 52 पोलिंग स्टेशनों के माध्यम से मतदान हो रहा है। दिव्यांग छात्रों को ध्यान में रखते हुए सभी कॉलेजों को ग्राउंड फ्लोर पर मतदान केंद्र बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
डूसू चुनाव की मतगणना 19 सितंबर सुबह 9 बजे, यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स स्टेडियम में की जाएगी। इसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी छात्रों से अपील की है कि वे शांतिपूर्वक मतदान करें और अधिकारियों से सहयोग बनाए रखें।