दिल्ली की 8वीं विधानसभा सत्र की शुरुआत, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधायक के रूप में ली शपथ

KNEWS DESK – दिल्ली की 8वीं विधानसभा के पहले सत्र की शुरुआत हो चुकी है। प्रोटेम स्पीकर अरविंदर सिंह लवली ने नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई। सबसे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शपथ ली। सुबह 11 बजे विधानसभा की कार्यवाही शुरू हुई, जिसके बाद उपमुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा और दिल्ली कैबिनेट के अन्य मंत्रियों ने शपथ ग्रहण किया।

रेखा गुप्ता ने 20 फरवरी को दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। 19 फरवरी को बीजेपी विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना गया था। वह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनी हैं।

मंत्री कपिल मिश्रा ने संस्कृत में ली शपथ

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बाद विधानसभा के सदस्य के रूप में प्रवेश वर्मा, मंत्री आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह और कपिल मिश्रा ने विधायक पद की शपथ ली। करावल नगर से निर्वाचित कपिल मिश्रा ने संस्कृत में शपथ लेकर ध्यान आकर्षित किया।

रेखा गुप्ता पहली बार बनीं विधायक 

रेखा गुप्ता पहली बार विधायक बनी हैं और शालीमार बाग निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित हुई हैं। इससे पहले वह तीन बार दिल्ली नगर निगम की पार्षद रह चुकी हैं। महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक कल्याण के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी समिति की सदस्य के रूप में भी उन्होंने कार्य किया है।

दिल्ली विधानसभा में बदली तस्वीर

दिल्ली में सत्ता परिवर्तन के बाद 8वीं विधानसभा के पहले सत्र में समीकरण पूरी तरह बदल चुके हैं। भाजपा 70 में से 48 सीटें जीतकर 27 साल बाद सत्ता में लौटी है, जबकि आम आदमी पार्टी 22 सीटों पर सिमटकर पहली बार विपक्ष में बैठी है। आने वाले दिनों में दिल्ली विधानसभा का यह सत्र सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस और राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बनने की पूरी संभावना रखता है।

About Post Author