दिल्लीः लखपति बिटिया योजना का शुभारंभ कल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी लॉन्च, बेटियों को 1 लाख से अधिक का आर्थिक संबल

डिजिटल डेस्क- महिलाओं और बालिकाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में दिल्ली सरकार कल एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। 2 मार्च को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘सशक्त नारी, समृद्ध दिल्ली’ कार्यक्रम में देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ का औपचारिक शुभारंभ करेंगी। कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया है। उन्होंने कहा कि यह योजना बेटियों को आर्थिक सुरक्षा देने के साथ-साथ उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करेगी।

ऐसे बनेगी ‘लखपति’ बिटिया

मुख्यमंत्री ने बताया कि पूर्व व्यवस्था के तहत बालिका के नाम पर जन्म के समय 10,000 से 11,000 रुपये जमा किए जाते थे और विभिन्न शैक्षणिक पड़ावों पर 5,000 रुपये की राशि दी जाती थी, जिसे 18 वर्ष की आयु में निकाला जा सकता था। नई योजना में सहायता राशि और दायरा दोनों का विस्तार किया गया है। अब बालिका के नाम पर विभिन्न चरणों में कुल 56,000 रुपये जमा किए जाएंगे। ब्याज सहित यह राशि 21 वर्ष की आयु तक परिपक्व होकर 1 लाख रुपये से अधिक होने की संभावना है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि स्नातक या व्यावसायिक डिप्लोमा पूरा करना बेटियों के लिए सामान्य उपलब्धि बने, न कि अपवाद। योजना पूरी तरह डिजिटल मोड में संचालित होगी। फंड का प्रबंधन एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा किया जाएगा और निवेश एसबीआई लाइफ धनराशि साधन के अंतर्गत होगा। विभाग द्वारा जमा की गई राशि समय के साथ बढ़ती रहेगी और परिपक्वता पर पूरी संचित राशि लाभार्थी के आधार-लिंक्ड बैंक खाते में सीधे ट्रांसफर कर दी जाएगी। इससे पारदर्शिता और प्रत्यक्ष वित्तीय समावेशन सुनिश्चित होगा।

पात्रता और विस्तारित दायरा

इस योजना का लाभ उन परिवारों को मिलेगा जिनकी वार्षिक आय 1.20 लाख रुपये से अधिक नहीं है और जो पिछले तीन वर्षों से दिल्ली में निवास कर रहे हैं। बालिका का जन्म दिल्ली में होना अनिवार्य है। पंजीकरण जन्म के एक वर्ष के भीतर या निर्धारित शैक्षणिक चरणों पर कराया जा सकता है। प्रति परिवार दो जीवित बालिकाओं तक लाभ सीमित रहेगा। महत्वपूर्ण बात यह है कि योजना का दायरा बढ़ाकर देश के किसी भी सरकारी या यूजीसी मान्यता प्राप्त संस्थान में स्नातक या व्यावसायिक डिप्लोमा कर रही बालिकाओं को शामिल किया गया है। परिपक्वता लाभ शैक्षणिक शर्तों की पूर्ति पर ही मिलेगा।

त्योहारों पर 2 मुफ्त एलपीजी सिलेंडर योजना

कार्यक्रम में राष्ट्रपति होली और दिवाली पर दिल्ली के सभी राशन कार्ड धारक परिवारों को प्रति वर्ष दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने की योजना का भी शुभारंभ करेंगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार यह लाभ डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से दिया जाएगा। एलपीजी सिलेंडर की मौजूदा कीमत के बराबर राशि सीधे राशन कार्ड धारक परिवार के मुखिया के आधार-लिंक्ड बैंक खाते में जमा की जाएगी। करीब 15.50 लाख राशन कार्ड धारक परिवारों को कवर करने वाली यह योजना त्योहारों के दौरान रसोई गैस के खर्च का बोझ कम करेगी और परिवारों को सम्मानपूर्वक उत्सव मनाने में मदद करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *