दिल्लीः रोहिणी में डबल मर्डर से सनसनी, खून से लथपथ मिले दो शव, एक आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क- दिल्ली के रोहिणी इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया जब प्रशांत विहार थाना क्षेत्र से दो लोगों के खून से लथपथ हालत में पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। यह घटना सेक्टर-10 स्थित ग्रीन ऑरा बैंक्वेट हॉल के पास डीडीए की खाली जमीन पर सामने आई, जहां दोनों व्यक्ति बेहोशी की हालत में पाए गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन वहां का दृश्य बेहद भयावह था। पुलिस ने पाया कि दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल थे और उनके शरीर से काफी खून बह चुका था। तत्काल उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। घायलों को डॉ. बीएसए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतकों की उम्र करीब 50 वर्ष के आसपास बताई जा रही है, हालांकि उनकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

मौके से बरामद हुई जेसीबी, घटना में इस्तेमाल का शक

घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर अहम सबूत जुटाए। जांच के दौरान पुलिस को मौके के पास एक जेसीबी मशीन (नं. HR-51CS-8050) खड़ी मिली, जिसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। आशंका जताई जा रही है कि इस जेसीबी का इस्तेमाल वारदात में किया गया हो सकता है या यह घटना से जुड़ी कोई अहम कड़ी हो सकती है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि दोनों व्यक्तियों के साथ पहले मारपीट की गई और फिर उन्हें लहूलुहान हालत में मौके पर छोड़कर आरोपी फरार हो गए। हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही।

प्रत्यक्षदर्शी ने दर्ज कराए बयान

इस मामले में पुलिस ने एक अहम प्रत्यक्षदर्शी रोहित कुमार का बयान दर्ज किया है, जो बिहार के मुजफ्फरनगर जिले के ग्राम राम नगर का रहने वाला है। उसके बयान के आधार पर थाना प्रशांत विहार में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में एक आरोपी राजगीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जो शालीमार बाग के झुग्गी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस वारदात में और कौन-कौन शामिल हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *