डिजिटल डेस्क- राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह एक बार फिर तीन प्रमुख स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। जिन शिक्षण संस्थानों को धमकी मिली है, उनमें सरदार पटेल विद्यालय और सलवान पब्लिक स्कूल शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता, श्वान दस्ता और अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं और व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि स्कूल प्रशासन ने सुबह धमकी भरा ईमेल मिलने के तुरंत बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इसके बाद सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। अधिकारी के मुताबिक, एहतियात के तौर पर छात्रों और कर्मचारियों को तुरंत स्कूल परिसर से बाहर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
स्कूल की बारीकी से जांच की गई
सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल की कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, गलियारों, कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की। बम निरोधक दस्ते ने संदिग्ध वस्तुओं की तलाश में विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया, जबकि श्वान दस्ता भी परिसर में सक्रिय रहा। हालांकि शुरुआती जांच में अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक एहतियात बरता जा रहा है। सरदार पटेल विद्यालय ने अभिभावकों को भेजे संदेश में कहा, “आज सुबह स्कूल को सुरक्षा संबंधी धमकी मिली। पुलिस आवश्यक सुरक्षा उपायों के लिए परिसर में मौजूद है। सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।” स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक सूचना का ही इंतजार करें।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
पिछले कुछ समय से राजधानी के कई स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों को इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जिनमें अधिकतर मामलों में जांच के बाद कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इसके बावजूद प्रशासन किसी भी तरह की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं है। दिल्ली पुलिस साइबर सेल भी ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है। तकनीकी टीम ईमेल आईडी, आईपी एड्रेस और सर्वर लोकेशन की जांच कर रही है ताकि दोषियों की पहचान की जा सके। घटना के बाद अभिभावकों में चिंता का माहौल देखा गया। कई माता-पिता स्कूल के बाहर पहुंच गए और बच्चों की कुशलक्षेम जानने की कोशिश करते रहे। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि स्थिति नियंत्रण में है और सभी बच्चे सुरक्षित हैं।