दिल्ली मेट्रो को बड़ी सौगात… 8 मार्च को पीएम मोदी करेंगे ‘रिंग मेट्रो’ परियोजना की शुरुआत

KNEWS DESK – दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 मार्च को राजधानी में नई मेट्रो लाइनों का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इस कार्यक्रम के तहत दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन किया जाएगा, जबकि तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला रखी जाएगी. इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दिल्ली को देश की पहली ‘रिंग मेट्रो’ की सौगात भी मिलने वाली है, जिससे राजधानी में सफर और ज्यादा आसान हो जाएगा.

इससे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कश्मीरी गेट आईएसबीटी के पास मॉनेस्ट्री मार्केट में एक फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) की आधारशिला रखी. इस मौके पर उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में रहने वाले हर राज्य और क्षेत्र के लोगों का सम्मान करती है. उन्होंने कहा कि भारत हमेशा ‘जियो और जीने दो’ के सिद्धांत पर चला है और देश ने कभी भी किसी अन्य राष्ट्र पर हमला नहीं किया.

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अगर भारत ने कभी हथियार उठाए भी हैं तो वह केवल आत्मरक्षा के लिए उठाए हैं. उन्होंने कहा कि आज दुनिया में आतंकवाद बढ़ रहा है, लेकिन भारत शांति और भाईचारे का संदेश देने वाला देश रहा है. भारत ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को मानता है, जहां पूरी दुनिया को एक परिवार माना जाता है.

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि लोक निर्माण विभाग करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से इस फुट ओवर ब्रिज का निर्माण करेगा. इस पुल को लद्दाख की संस्कृति और परंपराओं को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस इलाके में लंबे समय से लद्दाख के कई परिवार रहते हैं और दिल्ली सरकार सभी समुदायों को साथ लेकर विकास करना चाहती है.

इस दौरान मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने लोगों के विकास के बजाय वोट बैंक की राजनीति को प्राथमिकता दी. सीएम के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल की मानसिकता के कारण कई विकास कार्यों में बाधाएं आईं, जबकि मौजूदा सरकार दिल्ली के हर इलाके में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए काम कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *