KNEWS DESK- देहरादून के चर्चित रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड में पुलिस लगातार बड़ी कार्रवाई कर रही है। इस मामले में अब तक कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक और आरोपी की गिरफ्तारी के साथ संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। हाल ही में पुलिस ने 3-4 अप्रैल 2026 की रात मुठभेड़ के दौरान दो मुख्य आरोपियों, शांतनु त्यागी और काविश त्यागी को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान काविश त्यागी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इससे पहले पुलिस रोहित कुमार, मोहम्मद अखलाक, संदीप कुमार, आदित्य चौधरी, आदेश गिरी, समीर चौधरी और मोहित अरोड़ा को भी गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और घटना से जुड़े हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है।
यह दर्दनाक घटना उस समय हुई जब 75 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी अपने साढू और एक साथी के साथ सुबह की सैर पर निकले थे। वे अपने घर से करीब 200 मीटर ही दूर पहुंचे थे कि मसूरी रोड की ओर से आ रही दो तेज रफ्तार कारों में सवार युवकों के बीच फायरिंग शुरू हो गई। इसी दौरान चली एक गोली उनके सीने में जा लगी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राजपुर रोड गोलीकांड के बाद पुलिस ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। खासतौर पर सुबह के समय पुलिसकर्मी तैनात होकर मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोगों से बातचीत कर उनकी सुरक्षा का फीडबैक ले रहे हैं। पथरीबाग चौक समेत कई इलाकों में पुलिस सक्रिय रूप से निगरानी कर रही है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।