संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से की मुलाकात, संगीत सम्राट तानसेन का शताब्दी समारोह राष्ट्रीय स्तर पर मनाये जाने का दिया प्रस्ताव

KNEWS DESK- संस्कृति, पर्यटन धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने नई दिल्ली में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात की। उन्होंने गजेंद्र सिंह शेखावत से मध्यप्रदेश में संस्कृति एवं पर्यटन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने केंद्रीय मंत्री से संगीत सम्राट तानसेन का शताब्दी समारोह राष्ट्रीय स्तर पर पूरे देश में मनाने का आग्रह किया।

मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि संगीत सम्राट तानसेन के नाम पर शास्त्रीय संगीत का 100 वर्षों से निरन्तर आयोजित होने वाला देश का “एकमात्र समारोह” तानसेन समारोह है। संगीत सम्राट तानसेन के ग्वालियर स्थित समाधि स्थल पर इसका आयोजन किया जाता है। ग्वालियर की सुदीर्घ संगीत परम्परा को देखते हुए ही यूनेस्को ने इसे “सिटी ऑफ म्यूजिक” घोषित किया है। उन्होंने कहा कि संगीत सम्राट तानसेन सिर्फ मध्यप्रदेश ही नहीं, अपितु सम्पूर्ण राष्ट्र के हैं और उनकी ख्याति सारे विश्व में है। साथ ही शास्त्रीय संगीत की ध्रुपद शैली भी सम्पूर्ण विश्व में व्याप्त है। इस दृष्टि से तानसेन शताब्दी समारोह को न सिर्फ मध्यप्रदेश, बल्कि पूरा राष्ट्र मनाये।

मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने प्रस्ताव देते हुए कहा कि भारत सरकार की संगीत नाटक अकादमी के माध्यम से पूर्वरंग श्रृंखला के अंतर्गत ‘तानसेन समारोह’ का आयोजन देश के हर राज्य में आयोजित किया जावे, जिसमें मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग सह आयोजक के रुप में सम्मिलित हो सकेगा। इन कार्यक्रमों के अंतर्गत उत्कृष्ट शास्त्रीय संगीत केन्द्रित प्रस्तुतियाँ संयोजित किये जाने का अनुरोध है, जिससे मध्यप्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी तानसेन की ख्याति को विस्तारित किया।

संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी 46वीं “विश्व धरोहर समिति” की बैठक में शामिल होने दिल्ली में मौजूद रहे। वर्ल्ड हेरिटेज कमेटी की यह बैठक भारत मंडपम में हुई , जिसमें देश और दुनिया के 3200 से अधिक प्रतिनिधि शामिल रहे।

ये भी पढ़ें- सावन के पहले सोमवार को महाकालेश्वर मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, रात्रि से ही लम्बी लाइनों में लगकर किये भस्म आरती के दर्शन

About Post Author