क्रिकेटर रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज की शादी टली, परिवारों ने तैयारियां रोकीं, जानें क्या है वजह…

KNEWS DESK-  भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज की शादी फिलहाल टाल दी गई है। दोनों के परिवार शादी की तैयारियों में पूरी तरह जुटे हुए थे, लेकिन अब खबर है कि क्रिकेटर रिंकू सिंह की खेल व्यस्तताओं के चलते यह फैसला लिया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, दोनों की शादी इसी साल 18 नवंबर 2025 को वाराणसी के ताज होटल में होने वाली थी, लेकिन अब इसकी तारीख आगे बढ़ा दी गई है। फिलहाल शादी के लिए होटल की बुकिंग फरवरी 2026 के अंत में स्थानांतरित कर दी गई है। हालांकि, नई तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

रिंकू सिंह और मछलीशहर (जौनपुर) से सांसद प्रिया सरोज की सगाई इसी महीने लखनऊ के एक होटल में हुई थी। इस खास मौके पर खेल और राजनीति जगत की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद थीं। सगाई समारोह की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे।

एक वीडियो में सगाई के दौरान प्रिया सरोज भावुक हो गई थीं और उनकी आंखों में आंसू देखे गए थे, जिसे देखकर वहां मौजूद मेहमानों और सोशल मीडिया यूज़र्स की भावनाएं भी जुड़ गई थीं।

सूत्रों के अनुसार, नवंबर महीने में रिंकू सिंह महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंटों में व्यस्त रहेंगे। ऐसे में उन्होंने और उनके परिवार ने यह फैसला किया कि शादी को कुछ समय के लिए टाल दिया जाए, ताकि सभी पारिवारिक और सामाजिक कार्यक्रमों को पूरे सम्मान और समय के साथ निभाया जा सके।

शादी टालने का फैसला दोनों परिवारों की आपसी सहमति से लिया गया है। परिवार के करीबी सूत्रों का कहना है कि यह महज समय का समायोजन है, रिश्ते में कोई मतभेद या तनाव नहीं है। शादी आगे होगी और इसकी तारीख जल्द तय की जाएगी।

प्रिया सरोज और रिंकू सिंह की जोड़ी को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त उत्साह है। फैंस इस खबर से थोड़े निराश जरूर हैं, लेकिन वे दोनों के लिए शुभकामनाएं भेज रहे हैं और शादी की नई तारीख का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें-  शादी का झांसा देकर तीन साल तक किया शोषण, शादी करने पर दी जान से मारने की धमकी, युवती ने लगाई पुलिस से गुहार