KNEWS DESK- भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन रविवार को मथुरा पहुंचे। उनके आगमन पर बाजना कट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर जिले भर के भाजपाइयों में खासा उत्साह देखने को मिला।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नितिन नबीन वृंदावन स्थित अक्षय पात्र परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में सहभागिता की। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे।
अक्षय पात्र स्थित चंद्रोदय मंदिर में मन की बात कार्यक्रम के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। इसके बाद उनका समय भोजन के लिए आरक्षित रहा।
दोपहर में नितिन नबीन भाजपा विधायक राजेश चौधरी की माताजी के निधन पर उनके आवास पहुंचे और शोक-संवेदना व्यक्त की। इसके पश्चात वह कार द्वारा दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शनिवार को मंडलायुक्त और डीआईजी ने मथुरा-वृंदावन पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया था।
बांकेबिहारी मंदिर में वीआईपी दर्शन को ध्यान में रखते हुए रेलिंग व्यवस्था में बदलाव किया गया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस बल के साथ-साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के मथुरा आगमन से भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। जगह-जगह स्वागत, नारेबाजी और फूलों की वर्षा के साथ पार्टी नेताओं ने अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया।