बीजेपी का बड़ा प्लान आया सामने, जानें दिल्ली में कब होगा मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण

KNEWS DESK –  दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में प्रचंड जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इस पर चर्चा जोरों पर है।

सूत्रों के मुताबिक, गृहमंत्री अमित शाह के आवास पर रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा और संगठन महासचिव बीएल संतोष मौजूद थे। इस बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम और सरकार के गठन को लेकर गहन चर्चा हुई।

भव्य होगा शपथ ग्रहण समारोह

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आई है। जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे से लौटने के बाद ही दिल्ली में नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा। पीएम मोदी 14 फरवरी को भारत लौटेंगे, जिसके बाद भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में एनडीए के सभी प्रमुख नेता और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। यह दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक वापसी का जश्न होगा, जिसे भव्य तरीके से मनाने की तैयारी की जा रही है।

चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, 5 फरवरी को हुए मतदान में भाजपा को 45.56% वोट मिले, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) को 43.57% वोट हासिल हुए। हालांकि, सीटों के मामले में भाजपा ने 48 सीटों पर जीत दर्ज कर पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया, जबकि आप मात्र 22 सीटों पर सिमट गई।

दिल्ली के हरियाणा और यूपी से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों में भाजपा को भारी समर्थन मिला। कुल 22 ऐसी सीटें थीं, जो हरियाणा और यूपी से जुड़ी हैं, इनमें से 15 सीटें भाजपा के खाते में गईं।

मुख्यमंत्री पद के लिए किन नामों की चर्चा?

दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के लिए कई नामों पर अटकलें लगाई जा रही हैं। संभावित उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी, विजय गोयल, हर्ष वर्धन और परवेश वर्मा के नाम शामिल हैं। हालांकि, अंतिम फैसला भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।

भाजपा की नई सरकार के गठन से पहले पार्टी सभी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री का चयन करेगी। संभावना है कि 12 से 14 फरवरी के बीच मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हो सकती है और 15 फरवरी के आसपास नई सरकार शपथ ग्रहण कर सकती है। अब सभी की निगाहें भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के फैसले पर टिकी हैं कि दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा और भाजपा की सरकार किन प्राथमिकताओं के साथ आगे बढ़ेगी।

About Post Author