डिजिटल डेस्क- बिहार के वैशाली में आयोजित तीन दिवसीय वैशाली महोत्सव के दूसरे दिन उस वक्त माहौल बिगड़ गया, जब मशहूर भोजपुरी लोक गायिका कल्पना पटवारी के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान भीड़ अचानक बेकाबू हो गई। दर्शकों के उत्साह ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, जैसे ही कल्पना पटवारी मंच पर प्रस्तुति देने पहुंचीं, कार्यक्रम स्थल पर मौजूद हजारों दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। लोग उनकी एक झलक पाने और उनके गीतों पर झूमने के लिए आगे बढ़ने लगे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ उपद्रवी तत्वों ने माहौल खराब कर दिया और कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं। देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
माहौल शांत होने के बाद दोबारा शुरू हुआ कार्यक्रम
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर तैनात पुलिस बल ने पहले लोगों को समझाने और नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन जब भीड़ काबू से बाहर होने लगी, तो पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। इस कार्रवाई के बाद उपद्रवियों को खदेड़ा गया और धीरे-धीरे स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। प्रशासन की कड़ी चेतावनी और लगातार प्रयासों के बाद माहौल शांत हुआ, जिसके बाद कार्यक्रम को दोबारा शुरू किया गया। हंगामे के बावजूद कल्पना पटवारी ने मंच पर अपनी प्रस्तुति जारी रखी और दर्शकों को बांधे रखा। उन्होंने अपने कार्यक्रम की शुरुआत उत्तर बिहार के आस्था के महापर्व छठ पूजा से जुड़े प्रसिद्ध गीत ‘उगे हे सूर्य देव…’ से की, जिसे सुनकर दर्शक भाव-विभोर हो गए। इसके बाद उन्होंने भोजपुरी साहित्य के महान रचनाकार भिखारी ठाकुर की कालजयी रचना ‘बेटी बेचवा’ की प्रस्तुति दी, जिसने कार्यक्रम में भावनात्मक रंग भर दिया।
हमार जिया बोले रे छोटी नन्दी… में जमकर थिरके दर्शक
कार्यक्रम के दौरान उनका लोकप्रिय गीत ‘हमार जिया बोले रे छोटी नन्दी’ भी खूब पसंद किया गया, जिस पर दर्शक झूमते नजर आए और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया, ताकि आगे किसी तरह की अव्यवस्था न हो। बताते चलें कि वैशाली महोत्सव का भव्य उद्घाटन 31 मार्च को हुआ था। इस मौके पर बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह में मशहूर पार्श्व गायक उदित नारायण ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया था।