जगदानंद की जगह मंगनी लाल मंडल संभालेंगे बिहार, RJD के नए प्रदेश अध्यक्ष की संभालेंगे कमान

डिजिटल डेस्क- बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सभी पार्टियां चुनाव को जीतने के लिए साम-दाम का तरीका अपनाने लगी हैं। पार्टियों ने इकाइयों को भंग करते हुए नए सिरे से इकाइयों का गठन भी शुरू कर दिया है। ऐसे में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने जातीय समीकरण को साधने के लिए मंगनी लाल मंडल पर दांव लगाया है। राजद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद की जगह मंगनी लाल मंडल को बिहार का प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है। इसके लिए नामांकन आज होंगे। हालांकि नामाकंन तो मात्र औपचारिक होगा। चुनाव 19 जून को होगा और उसी दिन नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे।

विधान परिषद सदस्य रहे हैं मंगनी लाल

मंगनी लाल मंडल अति पिछड़ों के बड़े नेता माने जाते हैं। उनकी उम्र लगभग 76 साल है। वे 1986 से 2004 तक बिहार विधान परिषद के सदस्य रहे। इस दौरान वे राज्य सरकार में मंत्री भी थे। वो सांसद भी रह चुके हैं। बिहार में अति पिछड़ा वर्ग की आबादी लगभग 36 प्रतिशत है। मंगनी लाल मंडल को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर आरजेडी चुनावी साल में जाति के समीकरण को ठीक करने की कोशिश कर रही है। इससे अत्यंत पिछड़ा वर्ग को साधने में मदद मिलेगी।

ये रहेगी चुनाव प्रक्रिया

 15 जून को पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन पत्र की जांच की जाएगी। अपराह्न 1 बजे से अपराह्न 3 बजे के बीच नामांकन वापस लेने का समय निर्धारित है। अपराह्न 4 बजे राज्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ तनवीर हसन द्वारा उम्मीदवारों की अंतिम सूची प्रकाशित कर दी जाएगी। 19 जून को पटना के ज्ञान भवन में प्रदेश निर्वाचन पदाधिकारी डॉ तनवीर हसन की अध्यक्षता में आयोजित राज्य परिषद की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का चुनाव होगा। इसी दिन परिणाम की घोषणा होगी।

राजनीति का है खासा अनुभव

मंगनी लाल मंडल हाल ही में आरजेडी में शामिल हुए एक वरिष्ठ और अनुभवी राजनेता हैं। उनका राजनीतिक करियर लंबा और विविध रहा है।  वे बिहार में लोकसभा, राज्यसभा और विधान परिषद के सदस्य रह चुके हैं। मंडल झंझारपुर लोकसभा सीट से चुनाव जीत चुके हैं।  इससे पहले, वे 1986 से 2004 तक बिहार विधान परिषद के सदस्य रहे और इस दौरान राज्य में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी कार्य किया। मंगनी लाल मंडल 2004 से 2009 तक राज्यसभा के सदस्य भी रहे हैं।