KNEWS DESK – बिहार में मुख्यमंत्री पद को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। हाल ही में जेडीयू के नेताओं की बैठक पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई, जिसमें पार्टी के विधायकों और मंत्रियों ने अपने विचार रखे। बैठक के बाद बेनीपुर से विधायक विनय चौधरी ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि जेडीयू का मुख्यमंत्री होना चाहिए और पार्टी चाहती है कि निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाया जाए।
विनय चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर कई विधायकों में नाराजगी है। उनका कहना था, “नीतीश कुमार के चेहरे पर एनडीए को प्रचंड जनादेश मिला है। हमें लगता है कि नीतीश को पांच साल बिहार में मुख्यमंत्री बने रहना चाहिए। हमने अपनी भावनाओं से उन्हें अवगत कराया। बैठक में उन्होंने कहा चिंता मत कीजिए, मैं सब देखता रहूंगा। हमने बैठक में यह भी कहा कि निशांत को राजनीति में लाना चाहिए, लेकिन इस पर नीतीश कुमार ने कोई टिप्पणी नहीं की। अंतिम निर्णय नीतीश कुमार का होगा।”
बैठक में मौजूद जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने भी मीडिया को बताया कि बैठक में सभी सांसद, विधायक और मंत्री नीतीश कुमार के फैसले के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि विधायकों और मंत्रियों ने निशांत कुमार के राजनीति में आने का स्वागत किया है। इसके तहत निशांत कुमार अब बिहार का दौरा करेंगे और पार्टी संगठन के कामकाज को समझेंगे।
जेडीयू के भीतर इस बयान के बाद सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी के नेता साफ कर रहे हैं कि मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी का कोटा सुरक्षित रहना चाहिए और युवा नेतृत्व को मौका दिया जाना चाहिए। वहीं, अंतिम फैसला पूरी तरह से नीतीश कुमार के हाथ में होगा।