डिजिटल डेस्क- बिहार के बक्सर जिले में एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब जयमाल की रस्म के दौरान एक सिरफिरे युवक ने स्टेज पर चढ़कर दुल्हन को गोली मार दी। घटना चौसा नगर पंचायत के मल्लाह टोली मोहल्ले की है, जहां बुधवार रात खुशियों के बीच अचानक गोलियों की आवाज गूंज उठी और पूरा माहौल चीख-पुकार से भर गया। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से बारात बक्सर पहुंची थी। दूल्हा और 18 वर्षीय दुल्हन आरती कुमारी जयमाल की रस्म निभाने के लिए स्टेज पर खड़े थे। परिवार और मेहमान इस खास पल को कैमरों में कैद कर रहे थे। तभी पड़ोस में रहने वाला युवक दीनबंधु मल्लाह मुंह पर कपड़ा बांधकर अचानक मंच पर चढ़ गया।
लहूलूहान होकर स्टेज पर गिरी दुल्हन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, आरोपी ने देसी तमंचा निकाला और दुल्हन पर फायर कर दिया। गोली लगते ही आरती लहूलुहान होकर स्टेज पर गिर पड़ी। वहां मौजूद लोग घबरा गए और अफरा-तफरी मच गई। हमलावर भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। परिजनों ने बताया कि आरोपी दीनबंधु आरती से एकतरफा प्रेम करता था। वह नहीं चाहता था कि उसकी शादी किसी और से हो। परिवार के मुताबिक, उसने पहले भी शादी का विरोध किया था और खुलेआम धमकी दी थी कि “अगर मेरी नहीं हुई तो किसी की नहीं होने दूंगा।” परिवार ने उसकी धमकियों को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन शादी के दिन उसने अपनी सनक को खूनी अंजाम दे दिया।
हालत बनी हुई है नाजुक
घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल आरती को बक्सर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक बताते हुए उसे वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल आरती की हालत गंभीर बनी हुई है और वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। परिवार के लोग अस्पताल में दुआओं और उम्मीदों के सहारे उसकी सलामती की प्रार्थना कर रहे हैं। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।