डिजिटल डेस्क- बिहार की राजनीति में एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उसकी विदेश नीति को पूरी तरह विफल करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में गैस और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और आने वाले समय में हालात और गंभीर हो सकते हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि केंद्र सरकार की फॉरेन पॉलिसी पूरी तरह से चौपट हो चुकी है। उनके मुताबिक, सरकार की नीतियों का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि “गैस की किल्लत बढ़ेगी और पेट्रोल-डीजल के दाम और ऊपर जाएंगे, जिससे आम आदमी की मुश्किलें बढ़ेंगी।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार को सिर्फ अपने हितों की चिंता है, देशहित की नहीं। तेजस्वी ने कहा कि मौजूदा हालात में भारत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कमजोर स्थिति में दिखाई दे रहा है।
‘फॉरेन पॉलिसी बन गई प्राइवेट पॉलिसी’
तेजस्वी यादव ने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की विदेश नीति अब “प्राइवेट पॉलिसी” बनकर रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस नीति में संस्थागत भूमिका कम हो गई है और फैसले सीमित दायरे में लिए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जब भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समर्थन की जरूरत थी, तब पड़ोसी देश भी साथ खड़े नहीं दिखे। उनके अनुसार, यह स्थिति सरकार की कमजोर कूटनीति का परिणाम है।
मुजफ्फरपुर घटना पर सरकार को घेरा
नेता प्रतिपक्ष ने मुजफ्फरपुर के गायघाट क्षेत्र में हुई एक हत्या की घटना पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में पुलिस की भूमिका संदिग्ध है और एक निर्दोष व्यक्ति की हत्या कर दी गई। तेजस्वी यादव ने कहा कि “जिसे कानून की रक्षा करनी चाहिए, वही कानून तोड़ रहा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि घटना में शामिल व्यक्ति स्थानीय थानेदार था, जिसने कथित तौर पर शराब के नशे में गोली चलाई।
‘बिहार में बढ़ रहा संगठित अपराध’
तेजस्वी ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिहार में संगठित अपराध तेजी से बढ़ रहा है और प्रशासन पूरी तरह से फेल हो चुका है। उनका कहना है कि “हर दिन गोलियां चल रही हैं, निर्दोष लोगों की जान जा रही है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।” उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी बेलगाम हो चुके हैं और पुलिस की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। तेजस्वी यादव ने कहा कि वे पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उसे कड़ी से कड़ी सजा मिले।