कटिहार के कुर्सेला हाट में आग से मचा हड़कंप, 7 करोड़ से अधिक के नुकसान की आशंका

डिजिटल डेस्क- बिहार के कटिहार जिले के कुर्सेला थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 से जुड़े कुर्सेला हाट में रविवार शाम भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 500 से अधिक दुकानें इसकी चपेट में आ गईं और जलकर राख हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग अचानक एक दुकान से उठी और तेज हवा के कारण कुछ ही मिनटों में पूरे बाजार में फैल गई। घटना के समय बाजार में काफी भीड़ मौजूद थी। आग की लपटें उठती देख दुकानदारों और ग्राहकों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना शुरू कर दिया। हालांकि, समय रहते अधिकांश लोग सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे किसी के हताहत होने की अब तक कोई सूचना नहीं है। लेकिन दुकानदारों का लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया।

आग लगने के कारणों का नहीं चल सका पता

आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या किसी दुकान से उठी चिंगारी को वजह मान रही है। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की भयावहता के आगे उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया और भागलपुर से भी अतिरिक्त दमकल की गाड़ियां मंगाई गईं। देर रात तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

7 करोड़ से अधिक का नुकसान

प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 7 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। इस घटना ने सैकड़ों परिवारों की आजीविका पर संकट खड़ा कर दिया है। दुकानदारों का कहना है कि वर्षों की मेहनत पल भर में राख में तब्दील हो गई। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक सहायता और मुआवजे पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *