बिहारः तांत्रिक के कहने परिवार के 5 लोगों को जिंदा जलाया, किराये के ट्रैक्टर से ले गया शव

डिजिटल डेस्क- बिहार के पुर्णिया से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पुर्णिया में एक सनकी व्यक्तियों ने तांत्रिक के कहने पर अपने ही परिवार के 5 लोगों को जिंदा जला दिया। इतना ही नहीं जलाए गए सभी शवों को ले जाने के लिए किराये का ट्रैक्टर का इस्तेमाल किया। घटना बीते रविवार को पूर्णिया के टेटगामा गांव की है।  गांव में हुई इस घटना में शवों को खोजने में भी पुलिस को 12 घंटे से अधिक समय लग गया। टेटगामा गांव में एक ही परिवार के 5 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। जिन पांच लोगों की हत्याएं हुई हैं, उनमें सीता देवी (48 साल), कातो देवी (65 साल), मंजीत उरांव (25 साल), बाबू लाल उरांव (50 साल) और रानी देवी (23 साल) शामिल हैं। अंधविश्वास में परिवार की महिलाओं को डायन बताया गया और पांचों को भीड़ ने जिंदा जलाकर मार डाला।

महिला पर डायन होने का शक था

लोगों का कहना है कि गांव के कुछ लोगों को बाबूलाल उरांव की पत्नी सीता देवी पर डायन होने का शक था। शक के आधार पर लोग पिछले कुछ वर्षों से सीता देवी को डायन बताकर कर प्रताड़ित भी करते रहते थे। हाल के कुछ महीनों में इसी गांव में चार-पांच बच्चों की मौत हुई थी। इसके बाद लोगों को शक हुआ कि सीता देवी ने ही सबको मारा है। रविवार की संध्या भी सीता देवी के साथ गांव के कुछ लोगों की कहासुनी हुई थी। रात लगभग 10 बजे के करीब गांव के 40 से 50 लोगों का हुजूम सीता देवी के घर पहुंचकर गाली-गलौज करते हुए सीता देवी सहित परिवार के सभी सदस्यों के साथ मारपीट करने लगा। उसके बाद लोगो का हुजूम ने सभी पांचों के उपर पेट्रोल छिड़कर जिंदा जला दिया। उसके बाद लोगों ने अधजले लाश को बोरे में बंद कर गांव के करीब घिसरिया बहियार में पानी व जलकुम्भी से भरे गड्ढे में फेंक दिया।

23 नामजद तो 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस ने इस मामले में 23 नामजद और 150 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। तीन लोगों की गिरफ्तारी की भी बात आ रही है, लेकिन पुलिस अबतक ये भी पता नहीं लगा पाई है कि पंचायत में पांचों को मारने का फैसला किसने दिया। जानकारी के मुताबिक आसपास के गांव के लोग भी इस पंचायत में शामिल हुए थे। एसडीपीओ पंकज शर्मा का कहना है कि दोषियों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की टीम उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।