बिहार विधानसभा की 19 समितियों का गठन, कई दिग्गजों को जिम्मेदारी, अनुपस्थित विधायकों को भी मिला बड़ा पद

डिजिटल डेस्क- बिहार की राजनीति में एक अहम प्रशासनिक कदम उठाते हुए बिहार विधानसभा की 19 समितियों का गठन कर दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार की मंजूरी के बाद सभी समितियों के चेयरमैन और सदस्यों की सूची जारी कर दी गई है। इस गठन में कई चौंकाने वाले फैसले सामने आए हैं, खासकर उन विधायकों को बड़ी जिम्मेदारी देना, जो हाल ही में राज्यसभा चुनाव के दौरान अनुपस्थित रहे थे। सबसे दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस विधायक मनोहर प्रसाद सिंह और राजद विधायक फैसल रहमान को अहम समितियों का चेयरमैन बनाया गया है। दोनों नेता राज्यसभा चुनाव के समय अनुपस्थित रहे थे, बावजूद इसके उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मनोहर प्रसाद सिंह को प्रत्ययायुक्त विधानसभा समिति का चेयरमैन बनाया गया है, जबकि फैसल रहमान को गैर सरकारी विधायक एवं संकल्प समिति की कमान दी गई है।

प्रेम कुमार नियम समिति और प्रयोजन समिति के बने चैयरमैन

विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार स्वयं नियम समिति और सामान्य प्रयोजन समिति के चेयरमैन बनाए गए हैं। इन समितियों में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और जदयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी को सदस्य बनाया गया है। इस बार कई अन्य नेताओं को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। मोकामा के चर्चित विधायक अनंत सिंह को पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति का सदस्य बनाया गया है, जबकि पर्यटन उद्योग समिति की कमान विधायक धूमल सिंह (मनोरंजन सिंह) को सौंपी गई है। अल्पसंख्यक कल्याण समिति का चेयरमैन एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरूल ईमान को बनाया गया है। वहीं पुस्तकालय समिति की जिम्मेदारी ज्योति देवी को दी गई है, जो केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की समधिन हैं।

पर्यावरण समिति की जिम्मेदारी अवधेश सिंह को

इसके अलावा, पर्यावरण समिति का नेतृत्व अवधेश सिंह को दिया गया है, जबकि शून्यकाल समिति के चेयरमैन राष्ट्रीय लोक मोर्चा के विधायक माधव आनंद बनाए गए हैं। बिहार विरासत विकास समिति की जिम्मेदारी पूर्व डिप्टी सीएम रेणु देवी को सौंपी गई है। कारा सुधार समिति का चेयरमैन निशा सिंह, याचिका समिति का चेयरमैन जनक सिंह और राजकीय आश्वासन समिति का चेयरमैन दामोदर रावत को बनाया गया है। वहीं प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण समिति की कमान जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार पांडे को दी गई है। इसके साथ ही जिला परिषद एवं पंचायती राज समिति के चेयरमैन शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, एससी-एसटी कल्याण समिति के चेयरमैन संतोष कुमार निराला और महिला एवं बाल विकास समिति की चेयरपर्सन अश्वमेघ देवी को बनाया गया है। आचार समिति की जिम्मेदारी संजीव चौरसिया को दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *