बिहार: RJD के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बने तेजस्वी यादव, लालू प्रसाद के स्वास्थ्य को देखते हुए उठाया गया कदम

KNEWS DESK- राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस अहम बैठक में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव को सर्वसम्मति से पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया। इस फैसले को पार्टी में नेतृत्व की नई पीढ़ी को आगे लाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में केवल नेतृत्व परिवर्तन ही नहीं, बल्कि संगठन को मजबूत करने से जुड़े कई अहम निर्णयों पर भी चर्चा हुई। आने वाले चुनावों और बदलते राजनीतिक हालात को देखते हुए आरजेडी अपने संगठनात्मक ढांचे में बदलाव कर सकती है।

लालू प्रसाद यादव ने अपनी बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पार्टी की सक्रिय जिम्मेदारियां अपने बेटे तेजस्वी यादव को सौंप दी हैं। लंबे समय से यह कयास लगाए जा रहे थे कि पार्टी की कमान धीरे-धीरे तेजस्वी के हाथों में आएगी, जिसे अब औपचारिक रूप दे दिया गया है।

हालांकि, इस बीच पार्टी के भीतर पारिवारिक और राजनीतिक मतभेदों की चर्चा भी तेज हो गई है। बैठक से पहले लालू यादव की बेटी और तेजस्वी यादव की बहन रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर तेजस्वी के नेतृत्व पर सवाल उठाए, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

आरजेडी विधायकों का कहना है कि यह बैठक पूरी तरह संगठनात्मक मुद्दों पर केंद्रित थी और पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। तेजस्वी यादव के कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि वे पार्टी को किस दिशा में ले जाते हैं और आने वाले समय में आरजेडी की राजनीति किस रूप में सामने आती है।