KNEWS DESK – दिल्ली की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) की वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आतिशी को दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया गया है। गोपाल राय ने इसकी औपचारिक घोषणा की और बताया कि विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से आतिशी को यह जिम्मेदारी दी गई। विधायक दल की बैठक में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत कई बड़े नेता मौजूद थे। बैठक में विधानसभा सत्र के एजेंडे और आगामी रणनीतियों पर भी चर्चा की गई।
नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद आतिशी का बयान
नेता प्रतिपक्ष चुने जाने के बाद आतिशी ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने आम आदमी पार्टी को विपक्ष की भूमिका दी है और पार्टी इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएगी| उन्होंने कहा, बीजेपी ने दिल्ली की जनता से जो वादे किए थे, अब समय आ गया है कि उन्हें पूरा कराया जाए। सबसे महत्वपूर्ण वादा था—2500 रुपए की गारंटी, जो मोदी जी ने दी थी, लेकिन वह अब तक पूरी नहीं हुई। आम आदमी पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि दिल्ली की जनता को उसका हक मिले। आतिशी ने यह भी कहा कि अगर आप सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को नई सरकार बंद करने की कोशिश करती है, तो विपक्ष इसका पुरजोर विरोध करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की नई सरकार मोहल्ला क्लीनिक बंद करने की योजना बना रही है, जो दिल्ली के लाखों लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा है।
विधानसभा सत्र 24 फरवरी से होगा शुरू
दिल्ली विधानसभा का आठवां सत्र 24 फरवरी से शुरू होकर 27 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान पिछली सरकार के कामकाज पर CAG की 14 लंबित रिपोर्ट पेश की जाएंगी। 25 फरवरी को दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना सदन में अभिभाषण देंगे। 27 फरवरी को उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। विपक्ष की ओर से बीजेपी द्वारा किए गए वादों की समीक्षा की जाएगी।
बीजेपी ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए उम्मीदवार घोषित किए
बीजेपी ने दिल्ली विधानसभा में विजेंद्र गुप्ता को अध्यक्ष और मोहन सिंह बिष्ट को उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए नामित किया है। इस पर 27 फरवरी को मतदान होगा। चूंकि बीजेपी के पास 70 सदस्यीय विधानसभा में 48 विधायक हैं, इसलिए उनके चुने जाने की संभावना लगभग पक्की मानी जा रही है। इसके अलावा, अरविंदर सिंह लवली को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया है। वह सदन के नए सदस्यों को शपथ दिलाएंगे और नए अध्यक्ष के चुने जाने तक यह जिम्मेदारी निभाएंगे।
दिल्ली में बनी बीजेपी की नई सरकार
दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की और 20 फरवरी को रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। रेखा गुप्ता दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री और चौथी महिला मुख्यमंत्री बनी हैं। उनकी सरकार ने अब तक कई नई नीतियों और योजनाओं की घोषणा की है।