KNEWS DESK – 27 साल के लंबे इंतजार के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने दिल्ली में सत्ता में वापसी कर ली है। आम आदमी पार्टी (AAP) को करारी हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि, अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि बीजेपी का मुख्यमंत्री कौन बनेगा? पार्टी ने चुनाव प्रचार के दौरान किसी भी सीएम उम्मीदवार की घोषणा नहीं की थी, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रचार अभियान चलाया था।
बीजेपी में मुख्यमंत्री पद की दौड़
दिल्ली में मुख्यमंत्री पद के लिए कई दावेदार सामने आ रहे हैं। बीजेपी जातीय और क्षेत्रीय संतुलन को बनाए रखने के लिए उप-मुख्यमंत्री का विकल्प भी तलाश सकती है, जैसा कि उसने कई अन्य राज्यों में किया है।
प्रमुख दावेदार:
1. प्रवेश वर्मा
- प्रवेश वर्मा, जो पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं, नई दिल्ली सीट पर अरविंद केजरीवाल को हराने के बाद चर्चा में हैं। उन्हें ‘Giant Killer’ कहा जा रहा है। जाट समुदाय से आने वाले वर्मा की जीत से पश्चिमी यूपी, हरियाणा और राजस्थान के जाट वोटरों पर प्रभाव पड़ सकता है।
2. सतीश उपाध्याय
- ब्राह्मण नेता सतीश उपाध्याय बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और पार्टी के युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी रहे हैं। वे एनडीएमसी के वाइस चेयरमैन रह चुके हैं और प्रशासनिक अनुभव रखते हैं। उनका संघ से भी करीबी संबंध है।
3. आशीष सूद
- पंजाबी समुदाय से आने वाले आशीष सूद पार्षद रह चुके हैं और दिल्ली बीजेपी के महासचिव भी रहे हैं। वे वर्तमान में गोवा के प्रभारी और जम्मू-कश्मीर के सह प्रभारी हैं। डीयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष होने के नाते युवा वर्ग में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है।
4. जितेंद्र महाजन
- रोहतास नगर विधानसभा सीट से जीतने वाले जितेंद्र महाजन उत्तर-पूर्वी दिल्ली का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे वैश्य समुदाय से आते हैं और आरएसएस के करीबी माने जाते हैं। 2020 में भी वे आप की लहर के बावजूद चुनाव जीत चुके हैं।
5. विजेंद्र गुप्ता
- विजेंद्र गुप्ता, जो रोहिणी विधानसभा सीट से विधायक हैं, पहले भी दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष रह चुके हैं। वे वैश्य समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं और लंबे समय से दिल्ली की राजनीति में सक्रिय हैं।