डिजिटल डेस्क- राजस्थान के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक केमिकल फैक्ट्री में हुए भीषण धमाकों और आगजनी ने आठ मजदूरों की जान ले ली। सुबह करीब 9:30 बजे फैक्ट्री परिसर से एक के बाद एक तेज धमाकों की आवाजें आईं, जिसके तुरंत बाद पूरी इमारत आग की लपटों में घिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 3 से 4 जोरदार धमाकों से इलाके में दहशत फैल गई और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया। सूचना मिलते ही आधा दर्जन से अधिक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि, केमिकल और ज्वलनशील पदार्थों की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैलती गई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक आठ मजदूर अंदर फंसकर जिंदा जल चुके थे। बताया जा रहा है कि घटना के समय फैक्ट्री में लगभग 25 कर्मचारी मौजूद थे, जिनमें से कुछ लोग बाहर निकलने में सफल रहे।
केमिकल्स के साथ पटाखों का भी निर्माण करती थी फैक्ट्री
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री में केमिकल्स के साथ पटाखों का भी निर्माण किया जाता था। आशंका जताई जा रही है कि गैस सिलेंडर फटने से धमाकों की शुरुआत हुई, जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। जिस हिस्से में आग लगी, वहां गत्तों का भारी स्टॉक भी रखा हुआ था, जिससे आग और भड़क गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गश्त के दौरान घटना की सूचना मिली और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। दमकलकर्मियों और पुलिस की संयुक्त टीम ने कई मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला।
एक मजदूर को बचाने के लिए चलाया जा रहा सर्च अभियान
हालांकि, अभी भी एक मजदूर के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है और उसकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। घटना के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और फैक्ट्री के लाइसेंस व सुरक्षा मानकों की भी पड़ताल की जा रही है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है, जबकि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दर्दनाक हादसे ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।