राजस्थान बोर्ड का बड़ा रिकॉर्ड: 10वीं का रिजल्ट मार्च में जारी, 94.23% छात्र पास, 5वीं-8वीं में भी शानदार प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क- राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने इस साल एक नया इतिहास रचते हुए 10वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट मार्च में ही जारी कर दिया है। करीब 10 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। इस बार का परिणाम न सिर्फ समय से पहले घोषित हुआ, बल्कि पास प्रतिशत भी काफी शानदार रहा है। राजस्थान के शिक्षा मंत्री ने दोपहर 1 बजे परिणाम घोषित किए। इस दौरान 10वीं के साथ-साथ 5वीं और 8वीं कक्षा के बोर्ड नतीजे भी जारी कर दिए गए, जिससे लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों में खुशी का माहौल है।

शानदार रहा 10वीं का रिजल्ट

इस साल 10वीं बोर्ड परीक्षा में कुल पास प्रतिशत लगभग 94 फीसदी के करीब रहा। इसमें छात्रों का पास प्रतिशत 93.63% दर्ज किया गया, जबकि छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 94.20% सफलता हासिल की। यह अंतर दर्शाता है कि इस बार भी लड़कियों ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है। करीब 10 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में हिस्सा लिया था। परीक्षा 12 फरवरी 2026 से शुरू होकर 28 फरवरी 2026 तक चली थी। बोर्ड ने पूरे राज्य में 6195 परीक्षा केंद्रों पर 175 विषयों की परीक्षा आयोजित की थी।

रिकॉर्ड समय में रिजल्ट

आमतौर पर राजस्थान बोर्ड 10वीं और 12वीं के परिणाम मई या जून में घोषित करता है, लेकिन इस बार महज कुछ ही हफ्तों में मूल्यांकन पूरा कर मार्च में ही रिजल्ट जारी कर दिया गया। यह पहली बार है जब बोर्ड ने इतनी तेजी से परीक्षा परिणाम घोषित किया है। सूत्रों के अनुसार, बोर्ड ने उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए विशेष रणनीति अपनाई और बड़ी संख्या में परीक्षकों की मदद से रिकॉर्ड समय में कॉपियां जांची गईं। इसका मकसद था कि नया शैक्षणिक सत्र समय पर शुरू हो सके। 10वीं के साथ-साथ 5वीं और 8वीं कक्षा के परिणाम भी घोषित किए गए। 5वीं कक्षा का पास प्रतिशत 97.75% रहा, जबकि 8वीं कक्षा में 97.01% छात्र सफल हुए। इन दोनों कक्षाओं में भी छात्रों का प्रदर्शन बेहद उत्कृष्ट रहा है।

ऐसे चेक करें रिजल्ट

छात्र अपना 10वीं का परिणाम राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in पर जाकर देख सकते हैं। वहीं 5वीं और 8वीं के छात्र rajshaladarpan.nic.in और rajpsp.nic.in पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को अपना रोल नंबर और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी। रिजल्ट जारी होने के बाद वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक देखा जा रहा है, इसलिए छात्रों को थोड़ी धैर्य रखने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *