डिजिटल डेस्क- राजस्थान की राजधानी जयपुर के चाकसू क्षेत्र में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। मध्य प्रदेश के जबलपुर से बाबा खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए निकले पांच श्रद्धालु नेशनल हाईवे-52 पर काल के गाल में समा गए। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। यह भीषण दुर्घटना सुबह करीब 5:30 बजे कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे पर टिगरिया मोड़ के पास हुई। बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु जबलपुर से जयपुर होते हुए खाटूश्यामजी के दरबार में हाजिरी लगाने जा रहे थे। लंबी यात्रा और लगातार ड्राइविंग के कारण चालक को संभवतः नींद की झपकी आ गई। शुरुआती जांच में पुलिस ने यही आशंका जताई है।
तेज रफ्तार में चलते हुए कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी
तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे बजरी से भरे एक ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रेलर के नीचे पूरी तरह दब गया और बुरी तरह पिचक गया। टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। चाकसू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे में एक महिला समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान जबलपुर निवासी रेशमा श्रीवास्तव, पीयूष राय, रजक राहुल और चालक अनुराग के रूप में हुई है। पांचवें मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। सभी श्रद्धालुओं की आंखों में बाबा श्याम के दर्शन की अभिलाषा थी, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही मौत ने उन्हें घेर लिया। पुलिस ने सभी शवों को चाकसू के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। जैसे ही यह खबर जबलपुर पहुंची, वहां मातम छा गया। परिजन जयपुर के लिए रवाना हो चुके हैं।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसे के बाद ट्रेलर में भरी बजरी सड़क पर बिखर गई, जिससे नेशनल हाईवे-52 पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। करीब दो घंटे तक हाईवे पर लंबा जाम लगा रहा। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। चाकसू थानाधिकारी मनोहर लाल मेघवाल ने बताया कि क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रेलर को हटाया गया। इसके बाद सड़क पर फैली बजरी को साफ करवाकर यातायात को सुचारू किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।